मुंबई/लातूर. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने रविवार को छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रसिद्ध बाघ के पंजे के आकार वाले हथियार ‘वाघ नख’ की प्रामाणिकता पर शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे के सवालों को ”बचकाना” और प्रतिक्रिया देने योग्य नहीं बताया. फडणवीस ने कहा कि (अविभाजित) ”शिवसेना” का इस तरह के ”अपमानजनक” सवाल पूछने का इतिहास रहा है और आरोप लगाया कि उसके नेता संजय राउत ने एक बार महान योद्धा राजा की वंशावली पर सवाल उठाया था.
ठाकरे ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में पूछा था कि क्या ब्रिटेन के एक संग्रहालय से महाराष्ट्र लाया जा रहा ‘वाघ नख’ स्थायी रूप से यहां रहेगा और क्या यह छत्रपति शिवाजी महाराज का था या यह उस युग का था. फडणवीस ने रविवार को यहां एक स्वच्छता कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, ”शिवसेना का इस तरह के अपमानजनक सवाल उठाने का इतिहास रहा है. (राज्यसभा सदस्य) संजय राउत ने एक बार छत्रपति शिवाजी महाराज की वंशावली पर भी सवाल उठाया था. ठाकरे का सवाल बचकाना है. मैं इस पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता.” राज्य के संस्कृति मंत्री सुधीर मुनगंटीवार और उनके विभाग के अधिकारी प्रतिष्ठित हथियार को वापस पाने के लिए तीन अक्टूबर को ब्रिटेन जायेंगे.
भाजपा की युवा शाखा ने ‘वाघ नख’ पर आदित्य ठाकरे की टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा के सदस्यों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के बाघ के पंजे के आकार के हथियार ‘वाघ नख’ के बारे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे की टिप्पणी के खिलाफ रविवार को महाराष्ट्र के लातूर शहर में विरोध प्रदर्शन किया.
आदित्य ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में यह सवाल किया था कि क्या ब्रिटेन के एक संग्रहालय से महाराष्ट्र लाया जा रहा ‘वाघ नख’ यहां स्थायी रूप से रहेगा या यह उधार पर लाया जा रहा है और क्या यह छत्रपति शिवाजी महाराज का है या यह महान शासक के युग का है.
लातूर के गांधी चौक पर एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने आदित्य पर शिवाजी महाराज के प्रशंसकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया. ‘वाघ नख’ का इस्तेमाल शिवाजी महाराज ने 1659 में बीजापुर के सेनापति अफजल खान को मारने के लिए किया था. महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री सुधीर मुनगंटीवार और उनके विभाग के अधिकारी इस वाघ नख को लाने के लिए तीन अक्टूबर को ब्रिटेन जाने वाले हैं. आदित्य ने शनिवार को ‘वाघ नख’ की प्रामाणिकता के बारे में अपनी टिप्पणियों के लिए लंदन स्थित विक्टोरिया और अल्बर्ट संग्रहालय की वेबसाइट पर साझा की गई जानकारी को जिम्मेदार ठहराया, जहां वर्तमान में हथियार रखा गया है.
इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ‘वाघ नख’ के बारे में ठाकरे की टिप्पणियां ”बचकाना” थीं और यह प्रतिक्रिया योग्य नहीं है. फडणवीस ने यह भी कहा कि (अविभाजित) शिवसेना का इस तरह के ”अपमानजनक” सवाल पूछने का इतिहास रहा है और आरोप लगाया कि उसके नेता संजय राउत ने एक बार महान योद्धा शासक की वंशावली पर सवाल उठाया था.