
दुबई. श्रीलंका ने भारत को छह विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 173 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने 72 रन की पारी खेली। जवाब में श्रीलंका ने 19.5 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के साथ भारतीय टीम पर एशिया कप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। भारतीय टीम सुपर फोर राउंड में लगातार दो मैच हार चुकी है। श्रीलंका से पहले पाकिस्तान ने भारत को पांच विकेट से हराया था। भारत का भाग्य अब दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर होगा। वहीं, श्रीलंका की टीम ने फाइनल के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है।



