जयपुर से बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार सुबह फ्रैंकफर्ट (जर्मनी) से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2030 को हाईजैक की आशंका वाले सिक्योरिटी अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। इस विमान को आपातकालीन स्थिति में जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया है। इस खबर के सामने आते ही विमान में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।
विमान के एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरते ही सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में शिफ्ट कर दिया गया है। बम की खबर की आशंका को देखते हुए सुरक्षाकर्मी पूरे विमान की गहन तलाशी ले रहे हैं।
भारतीय हवाई क्षेत्र के पास पहुंचते ही विमान में अलर्ट
खबरों के मुताबिक, भारतीय हवाई क्षेत्र के पास पहुंचते ही विमान में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया। ATC और सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करने के बाद फ्लाइट को तुरंत जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्रू मेंबर्स सहित सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारकर एयरपोर्ट टर्मिनल के एक निश्चित होल्डिंग एरिया में पहुंचा दिया गया है।
खबर लिखे जाने के समय तक न तो एयर इंडिया और न ही एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। अलर्ट क्यों और कैसे आया, किन हालात में विमान का रास्ता बदला गया, इस बारे में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।