भाजपा के सभी नेताओं की भाषा एक जैसी, मुद्दों की बात ही नहीं करते: गहलोत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 Nov 2023 09:24 PM
भाजपा के सभी नेताओं की भाषा एक जैसी, मुद्दों की बात ही नहीं करते: गहलोत
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा कि राज्य में चुनाव प्रचार के लिए आ रहे भारतीय जनता पार्टी के सभी नेताओं की भाषा एक जैसी है और वे मुद्दे की बात ही नहीं करते. इसके साथ ही गहलोत ने कहा कि अगर केंद्र सरकार पेट्रोल के दाम कम करना चाहती है तो उसे उत्पाद शुल्क घटाना चाहिए.

गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”भाजपा के जितने भी नेता आ रहे हैं.. चाहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हों, गृह मंत्री अमित शाह हों या कोई केंद्रीय मंत्री या अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री हों, …. सबके भाषण एक जैसे ही हैं. पांच साल में हमने दलितों, पिछड़ों, युवाओं और किसानों के लिए जो काम किया, उस पर कोई बहस नहीं हो रही.” गहलोत ने कहा, ”उस पर वह नहीं बोलेंगे. वे खाली गैर मुद्दों’ को ‘मुद्दा’ बना रहे हैं… वे एक ही भाषा बोल रहे हैं. भड़काने वाली भाषा, जो लोकतंत्र के हित में नहीं है.”

प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित रोड शो के बारे में गहलोत ने कहा, ”यह सब दिखावा है उनका. कई राज्यों में रोड शो कर चुके हैं… हिमाचल प्रदेश व कर्नाटक में मार खा गए. बजरंग बली, बजरंग बली बोले थे …बजरंगबली ने ही उन्हें अस्वीकार कर दिया कि आप मेरे नाम का दुरुपयोग क्यों कर रहे हो. वहां कामयाब नहीं हो पाए….”

गहलोत ने कहा ” भगवान भी समझते हैं कि हद हो गई है, मैं सबके लिए हूं, सबके घर घर में हूं और ये लोग, ये पार्टी मेरा ही दुरुपयोग कर रही है. कब तक बर्दाश्त करेंगे वे?’ मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सीमावर्ती गंगानगर जैसे जिलों में पेट्रोल के दाम पड़ोसी पंजाब व हरियाणा से अधिक होने का अहसास राज्य सरकार को है लेकिन बीते 25 साल में राज्य की कोई भी सरकार इसे कम नहीं कर पाई है. उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार पेट्रोल के दाम कम करना चाहती है तो उसे उत्पाद शुल्क घटाना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu