केरल के मुख्यमंत्री की बेटी के खिलाफ आरोप राजनीति से प्रेरित: मंत्री राजेश

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 05 Apr 2025 03:21 PM
केरल के मुख्यमंत्री की बेटी के खिलाफ आरोप राजनीति से प्रेरित: मंत्री राजेश
ऑडियो सुनें

मदुरै: केरल के मंत्री एम. बी. राजेश ने कथित अवैध भुगतान घोटाले में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीना के खिलाफ लगे आरोपों को ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ बताते हुए शनिवार को कहा कि ऐसा पहली बार नहीं है कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार को ‘‘निशाना बनाने’’ के लिए किया जा रहा है।

वीना को कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) वित्तीय धोखाधड़ी मामले में आरोपी के रूप में गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) द्वारा आरोपपत्र में कथित तौर पर नामित किया गया है।
आरोपों के बारे में पूछे जाने पर राजेश ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह राजनीति से प्रेरित है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। वर्ष 2016 में एलडीएफ सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने सभी जांच एजेंसियों को लगा दिया है।

चाहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) हो, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) हो, या राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) हो, सभी एजेंसियों को केरल भेजा गया। और 2012 से 2016 के बीच हमारे पहले कार्यकाल में अखबारों और टीवी चैनलों पर खूब सुर्खियां बनीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपको सोना तस्करी घोटाला याद होगा। लेकिन उन सभी विवादों का क्या हुआ? ये सभी राजनीति से प्रेरित विवाद थे। इसलिए अब, एलडीएफ सरकार के खिलाफ उस सुनियोजित अभियान और साजिश का यह दूसरा प्रकरण है, जिसमें विशेष रूप से केरल के मुख्यमंत्री को निशाना बनाया गया है।’’ राजेश ने कहा कि वीना के खिलाफ आरोप ऐसे समय सामने आए हैं जब मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का अधिवेशन जारी है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘जहां तक ??केरल का सवाल है, यह चुनावी वर्ष है। इसलिए यह एक योजनाबद्ध और राजनीति से प्रेरित कदम है।’’ मंत्री ने हालांकि कहा कि इन सबका केरल पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने 2021 के कोडकारा धनशोधन मामले का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘लोगों को एहसास हो गया है कि भाजपा अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital