अमित शाह ने अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 18 Sep 2024 11:45 AM
अमित शाह ने अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं. वह हरियाणा के लोहारू में बीजेपी उम्मीदवार उम्मीदवार जेपी दलाल के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे.

बता दें कि 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा चुनाव के​ लिए 5 अक्टूबर को मतदान होना है. अमित शाह यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला का जम्मू-कश्मीर चुनाव के बाद सभी आतंकवादियों को रिहा करने और पाकिस्तान के साथ बातचीत करने का एजेंडा है.

हरियाणा में अपनी पहली चुनावी रैली में शाह ने कहा, ‘राहुल ‘बाबा’ किसी भी भाषा में झूठ बोल सकते हैं. उनको यह स्पष्ट करना चाहिए। वह जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को खत्म करने के समर्थन में हैं या विरोध में.’ बता दें कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में अनुच्छेद 370 की वापसी की बात कही है.

कांग्रेस केंद्र शासित प्रदेश में नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है. अमित शाह ने ‘वन रैंक वन पेंशन’ योजना लागू नहीं करने के लिए कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही थे जिन्होंने इसे लागू किया. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अर्धसैनिक बलों और कई राज्यों ने अपने पुलिस बलों में अग्निवीरों के लिए 20 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया है।

उन्होंने कहा, ‘मैं हरियाणा के युवाओं को बताना चाहता हूं कि हुड्डा एंड कंपनी, जिनका काम झूठ फैलाना है, वे कह रहे हैं कि सेना में चार साल की सेवा देने के बाद अग्निवीरों का क्या होगा. लेकिन मैं जो कहता हूं, वह करता हूं.

अगर कोई अग्निवीर लौटता है तो वह बेरोजगार नहीं रहेगा और भाजपा इसकी जिम्मेदारी लेती है. हमने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और अधिकतर राज्यों ने अपनी पुलिस फोर्स में उनके लिए आरक्षण की व्यवस्था की है.’ रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पार्टी के हरियाणा प्रभारी बिप्लब कुमार देब, सांसद किरण चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav