आंध्र प्रदेश ट्रेन हादसा: जगनमोहन रेड्डी अस्पताल का दौरा करेंगे, दुर्घटनास्थल नहीं जाएंगे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 03:20 PM
आंध्र प्रदेश ट्रेन हादसा: जगनमोहन रेड्डी अस्पताल का दौरा करेंगे, दुर्घटनास्थल नहीं जाएंगे
ऑडियो सुनें

विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी सोमवार को विजयनगरम गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल का दौरा करेंगे जहां ट्रेन हादसे में घायल हुए लोगों का उपचार किया जा रहा है। पहले उनकी दुर्घटनास्थल का दौरा करने की योजना थी लेकिन उन्होंने रेल यातायात बहाल करने के काम में देरी से बचने के लिए इसे स्थगित कर दिया है।

मुख्यमंत्री रविवार शाम को हावड़ा-चेन्नई लाइन पर हुई दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात करेंगे। कई घायलों का विजयनगरम गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल में इलाज किया जा रहा है। रविवार शाम सात बजे के आसपास विशाखापत्तनम से लगभग 40 किलोमीटर दूर कांतकपल्ले में पलासा पैसेंजर ट्रेन ने रायगड़ा पैसेंजर ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसके तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गयी और 50 लोग घायल हो गए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साझा किए एक नोट में कहा गया है, ‘‘रेलवे अधिकारियों के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ट्रेन दुर्घटना स्थल का दौरा करने के बजाय सीधे अस्पताल जाएंगे… रेलवे अधिकारियों ने अपील की कि अगर मुख्यमंत्री घटनास्थल पर आते हैं तो पटरी की मरम्मत के काम में देरी होने की आशंका होगी।’’

हादसे की चपेट में आयी बोगियों को पटरी से हटा दिया गया है और पटरी की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि विशाखापत्तनम-पलासा पैसेंजर और विशाखापत्तनम-रायगड़ा पैसेंजर ट्रेन के बीच टक्कर हुई। रायगड़ा पैसेंजर ट्रेन सिग्नल पर रुकने के बजाय आगे बढ़ गयी थी जिसके कारण यह हादसा हुआ।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav