हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर नौ बकरियां और 60 हजार रुपये लूट लिये, मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 04 Apr 2024 09:00 PM
हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर नौ बकरियां और 60 हजार रुपये लूट लिये, मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

नोएडा. नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में तीन अप्रैल की रात में हथियारबंद बदमाशों ने एक व्यक्ति के घर में घूसकर 60 हजार रुपये नकद और नौ बकरियां लूट लीं. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी और बताया कि वह मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि इस बारे में पीड़ित व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक कुलेसरा पुस्ता के पास रहने वाले सुभाष कुमार पुत्र लखपत के घर पर तीन अप्रैल की रात को हथियारबंद बदमाश पहुंचे और वहां बंधी नौ बकरियों को जबरन कार में भरना शुरू कर दिया.

शिकायत के मुताबिक, जब पीड़ित की मां मुन्नी देवी ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके गर्दन पर चाकू लगा दिया. मां के शोर मचाने पर उसका बेटा सुभाष भी मौके पर पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल सटाकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर कर दिया.

पुलिस ने बताया कि इसके बाद बदमाश उसके घर में बधी नौ बकरियों के अलावा अलमारी में रखे 60 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए.
इस बाबत पूछने पर थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित ने थाने में चोरी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu