ईरान और इजराइल से करीब 3100 भारतीयों को निकाला गया: विदेश मंत्रालय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Jun 2025 09:36 PM
ईरान और इजराइल से करीब 3100 भारतीयों को निकाला गया: विदेश मंत्रालय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत ने युद्धरत ईरान और इजराइल से मंगलवार को अपने 1,100 से अधिक नागरिकों को निकाला. इसी के साथ भारतीयों को इन दोनों देशों से सुरक्षित निकालने के लिए शुरू किये गए ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अबतक 3,170 लोगों को सुरक्षित वापस लाया गया है. विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी.

मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय वायुसेना के सी-17 भारी-भरकम विमान का उपयोग करते हुए 400 से अधिक लोगों को इजराइल से वापस लाया, जिन्हें भूमि मार्ग से पहले इजराइल से जॉर्डन और मिस्र ले जाया गया था. इसके अलावा, 161 भारतीयों को सड़क मार्ग से इजराइल से जॉर्डन की राजधानी अम्मान से पहुंचाने के बाद विशेष विमान से स्वदेश लाया गया.

विदेश मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को दो विशेष उड़ानों के जरिये कुल 573 भारतीयों, तीन श्रीलंकाई और दो नेपाली नागरिकों को ईरान से निकाला गया. मंत्रालय ने बताया कि ईरान से निकाले गए लोगों के नए जत्थों के साथ, भारत अब तक फारस की खाड़ी के इस देश से 2,576 भारतीयों को वापस ला चुका है.

ईरान और इजराइल के बीच युद्ध शुरू होने के बाद पिछले सप्ताह ऑपरेशन सिंधु शुरू किया गया और अबतक भारत ने कुल 3,170 भारतीयों को इन दोनों देशों से निकाला है. पहले जत्थे में 161 भारतीय सड़क मार्ग से इजराइल से जॉर्डन पहुंचे और मंगलवार को सुबह 8.20 बजे अम्मान से विशेष विमान के जरिये उन्हें नई दिल्ली लाया गया. इस समूह का स्वागत विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने हवाई अड्डे पर किया.

इजराइल से जॉर्डन के रास्ते 165 भारतीयों के दूसरे समूह को अम्मान से सी-17 विमान से नई दिल्ली वापस लाया गया. इस समूह की अगवानी राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने की. इजराइल से मिस्र के रास्ते 268 भारतीयों का एक अन्य समूह शर्म-अल-शेख से सी-17 विमान के जरिये भारत लाया गया और यह विमान पूर्वाह्न 11 बजे नई दिल्ली पहुंचा. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि तड़के 3:30 बजे मशहद से नयी दिल्ली पहुंचे एक विशेष विमान से, 292 भारतीय नागरिकों को ईरान से स्वदेश लाया गया.

उन्होंने बताया कि 281 भारतीय, तीन श्रीलंकाई और दो नेपाली नागरिकों को ईरान से निकाला गया. यह समूह मशाद से विशेष उड़ान से अपराह्न तीन बजे नई दिल्ली पहुंचा. जायसवाल ने कहा, ”ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 2576 भारतीय नागरिकों को ईरान से स्वदेश लाया जा चुका है.” विदेश मंत्रालय ने बताया कि सोमवार रात एक विशेष उड़ान से 290 भारतीय नागरिकों और एक श्रीलंकाई को ईरानी शहर मशहद से भारत लाया गया.

भारत ने ईरान और इजराइल के बीच बढ़ती शत्रुता को देखते हुए दोनों देशों से भारतीयों को वापस लाने के लिए पिछले सप्ताह ‘ऑपरेशन सिंधु’ शुरू किया. इजराइल और ईरान ने एक-दूसरे के शहरों और सैन्य तथा रणनीतिक केंद्रों पर एक सप्ताह से अधिक समय में सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दागे हैं. रविवार सुबह अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु स्थलों पर बमबारी के बाद तनाव काफी बढ़ गया.

भारत ने बुधवार से ईरानी शहर मशहद, आर्मेनिया की राजधानी येरेवन और तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात से संचालित चार्टर्ड उड़ानों से अपने नागरिकों को निकाला है. ईरान ने मशहद से तीन चार्टर्ड उड़ानों की सुविधा के लिए शुक्रवार को हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंध हटा दिए. पहली उड़ान शुक्रवार देर रात 290 भारतीयों के साथ नयी दिल्ली में उतरी और दूसरी शनिवार दोपहर 310 भारतीयों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में उतरी. बृहस्पतिवार को येरेवन से एक और उड़ान आई. अश्गाबात से एक विशेष निकासी विमान शनिवार सुबह नई दिल्ली पहुंचा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu