दिल्ली के सरकारी स्कूल में मध्याह्न भोजन खाने से करीब 70 विद्यार्थी बीमार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 25 Aug 2023 10:23 PM
दिल्ली के सरकारी स्कूल में मध्याह्न भोजन खाने से करीब 70 विद्यार्थी बीमार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के डाबरी इलाके के एक सरकारी स्कूल में कथित तौर पर मध्याह्न भोजन खाने के बाद शुक्रवार को लगभग 70 विद्यार्थियों की तबीयत खराब हो गयी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली सरकार ने मध्याह्न भोजन प्रदाता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा, ” सभी बच्चों की हालत स्थिर है. मध्याह्न भोजन प्रदाताओं को यह सुनिश्चित करने के लिए चेतावनी दी गई है कि स्कूली बच्चों को उचित भोजन उपलब्ध कराया जाए. इस घटना में दोषी पाए गए किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. ” दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त मनोज सी के मुताबिक शाम करीब छह बजे, सागरपुर पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई जिसमें कहा गया कि सागरपुर के दुर्गापार्क स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय स्कूल में मध्याह्न भोजन खाने के बाद छठी से आठवीं कक्षा के लगभग 70 लड़कों ने उल्टी होने की शिकायत की.

पुलिस उपायुक्त मनोज सी ने कहा, ” छात्रों को डीडीयू अस्पताल और दादा देव अस्पताल, डाबरी में स्थानांतरित कर दिया गया. स्कूल प्रशासन ने कहा कि मध्याह्न भोजन के बाद छात्रों को सोया जूस दिया गया जिससे उन्हें पेट में दर्द और उल्टी हुई.” पुलिस अधिकारी ने कहा कि अपराध टीम को मौके पर बुलाया गया और भोजन और जूस के अवशेष जब्त कर लिए गए.

पुलिस उपायुक्त ने कहा, ” छात्रों को मध्याह्न भोजन में पूरी-सब्जी और उसके बाद सोया जूस परोसा गया. जब छात्रों ने पेट में दर्द होने की शिकायत की तो भोजन और जूस का वितरण रोक दिया गया. सभी छात्रों की हालत फिलहाल स्थिर है. ” उन्होंने कहा कि इस घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत जांच की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu