‘घमंडिया’ गठबंधन ने मजबूरी में महिला विधेयक का समर्थन किया,कांग्रेस ‘अर्बन नक्सलियों’ के प्रभाव में: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 10:03 PM
‘घमंडिया’ गठबंधन ने मजबूरी में महिला विधेयक का समर्थन किया,कांग्रेस ‘अर्बन नक्सलियों’ के प्रभाव में: मोदी
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस और उसके नए ‘घमंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक का अनिच्छा से समर्थन किया है. साथ ही मोदी ने लोगों को चेतावनी दी कि अगर मौका दिया गया तो वे (विपक्षी गठबंधन) ऐतिहासिक कानून से पीछे हट जाएंगे.

भाजपा कार्यकर्ताओं की एक विशाल सभा ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा तथा पार्टी की तुलना ‘जंग लगे लोहे’ से की और आरोप लगाया कि इसे अब कांग्रेस के नेता नहीं बल्कि कुछ ” अर्बन नक्सलियों ” द्वारा चलाया जा रहा है तथा इसके नारों से लेकर नीतियों तक हर चीज ‘आऊट सोर्स’ की जा रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस को दोबारा शासन करने का मौका मिला तो वह मध्य प्रदेश को बीमारू राज्यों की श्रेणी में धकेल देगी.

मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में आगामी चुनाव महत्वपूर्ण हैं क्योंकि वे राज्य के लिए आगे का रास्ता तय करेंगे. उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने लंबे शासन के दौरान राज्य को विकास के रास्ते पर रखा है. कार्यकर्ता महाकुंभ’ का आयोजन जनसंघ के सह-संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा की प्रदेश में निकाली गई ‘जन आशीर्वाद यात्राओं’ के औपचारिक समापन के मौके पर किया गया. ये यात्राएं प्रदेश में विभिन्न हिस्सों में हुई थीं. भाजपा के एक नेता के अनुसार इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से पांच लाख से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए.

प्रधानमंत्री ने कहा, ” मोदी, मतलब गारंटी को पूरा करने की गारंटी है. घमंडिया गठबंधन में कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने ‘खट्टे मन’ और मजबूरी से महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया क्योंकि अब उन्हें “नारी शक्ति” समझ आ गयी है. विधेयक केवल इसलिए पारित हो पाया, क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है.” उन्होंने कहा कि अगर मौका मिला तो कांग्रेस इस विधेयक से पीछे हट जाएगी जिसमें संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है.

उन्होंने सत्ता में रहते हुए इस विधेयक को पारित नहीं करने के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की आलोचना भी की. मोदी ने कांग्रेस और ‘घमंडिया’ गठबंधन पर सनातन धर्म को समाप्त करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की जनता को इससे सावधान रहना चाहिए.

कांग्रेस के जमीनी नेताओं के इस पर (सनातन की आलोचना) अपने मुंह में ताला लगाने की बात कहते हुए उन्होंने कहा, ” कांग्रेस ने अपना ठेका दूसरों को दे दिया है. कांग्रेस को अब कांग्रेस के नेता नहीं चला रहे हैं. कांग्रेस अब ऐसी कंपनी बन गई है जो नारों से लेकर नीतियां तक हर चीज ‘आऊट सोर्स’ कर रही है.” कांग्रेस का ठेका किसके पास है?– लोगों से यह सवाल करते हुए मोदी ने उत्तर दिया, ” कांग्रेस का ठेका अब कुछ ‘अर्बन नक्सलियों ‘ के पास है. कांग्रेस में अब अर्बन नक्सलियों की ही चल रही है. यह जमीन पर कांग्रेस का हर कार्यकर्ता महसूस कर रहा है इसलिए कांग्रेस जमीन पर लगातार खोखली हो रही है.”

मोदी ने कहा कि वह मध्य प्रदेश की महिलाओं को सावधान करना चाहते हैं क्योंकि “घमंडिया” गठबंधन ने अनिच्छा से महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया है. उन्होंने सवाल किया, ” इसके सहयोगियों ने पिछले 30 वर्षों से विधेयक को पारित करने में बाधा डाली है. अब वे मजबूरी में अपना हाथ उठाते हैं क्योंकि महिलाएं जागृत हो गई हैं. उन्होंने दशकों तक बहुमत के साथ सरकार चलाई लेकिन उन्होंने विधेयक को आगे क्यों नहीं बढ़ाया? ” उन्होंने कहा कि महिलाओं को उन्हें विभाजित करने के प्रयासों के प्रति सतर्क रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस विधेयक में खामियां ढूंढने की कोशिश करेगा.

मोदी ने पिछले नौ वर्षों में उनकी सरकार द्वारा उनके लिए किए गए कार्यों को सूचीबद्ध करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने महिलाओं के लिए बहुत कम काम किया. उन्होंने कहा कि अगर उनकी मंशा महिलाओं के हित में होती तो मोदी को करोड़ों शौचालय क्यों बनवाने पड़ते? उन्होंने कहा, ” महिलाओं की दुर्दशा पर किसी ने कुछ नहीं किया जब महिलाओं को शौच जाने के लिए अंधेरा होने का इंतजार करना पडता था.” प्रधानमंत्री ने उनकी सरकार की उज्जवला योजना के तहत मिलने वाली रसोई गैस का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पहले गोबर, लकड़ी जैसे ईंधन के जहरीले धुएं से महिलाओं को जूझना पड़ता था , फलस्वरूप उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था.

उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए कांग्रेस नेताओं के लिए ‘गरीब लोगों का जीवन एक साहसिक पर्यटन और गरीब व्यक्ति का खेत वीडियो शूटिंग और फोटो सत्र की जगह है. मोदी ने 20 वर्ष पूर्व कांग्रेस शासन के दौरान मध्य प्रदेश के बीमारू श्रेणी का राज्य होने का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में पहली बार मतदान करने वाले मतदाता भाग्यशाली हैं क्योंकि उन्होंने राज्य में केवल भाजपा शासन देखा है, जो विकास और शिक्षा के केंद्र के रूप में उभरा है. उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए मध्य प्रदेश को भी विकसित करने की जरूरत है.

मोदी ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस चाहती थी कि लोग गरीब रहें जबकि दूसरी ओर, पिछले पांच वर्षों में भाजपा शासन के तहत देश में 13.5 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं. मोदी ने कहा, “आजादी के बाद अपने लंबे शासन के दौरान कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था. अगर उसे मौका मिला तो वह उसे फिर से बीमारू राज्य बना देगी.” उन्होंने नए संसद भवन, गुणवत्तापूर्ण सड़कों और आधुनिक स्टेशनों के निर्माण पर भाजपा की आलोचना करने के लिए कांग्रेस की निंदा की.

मोदी ने कहा, “कांग्रेस नकारात्मकता फैलाती है. उसे देश की उपलब्धियां पसंद नहीं हैं. वह देश को 20 वीं सदी में वापस ले जाना चाहती है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन वाले राज्यों को करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार से बर्बाद कर दिया. मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का विरोध किया, जबकि आज भारत के यूपीआई से पूरी दुनिया मंत्रमुग्ध है, लेकिन कांग्रेस को ये भी पसंद नहीं है.

मोदी के कार्यक्रम स्थल पर मंच पर पहुंचने के बाद, भाजपा की महिला शाखा के सदस्यों के एक समूह ने महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के लिए उन्हें विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया. कांग्रेस पर अपना हमला जारी रखते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी ने पश्चिमी राज्य पर शासन करने का मौका मिलने के बाद कांग्रेस ने राजस्थान को बर्बाद कर दिया है, जहां साल के अंत तक चुनाव होने हैं.

महाराष्ट्र की पूर्ववर्ती महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “हमने देखा कि कैसे कांग्रेस ने गठबंधन किया और महाराष्ट्र में नंबर एक का काम लूट लिया.” प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार और वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति करती है.

उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आने से पहले, राज्य अराजकता, बड़े पैमाने पर बिजली कटौती, दयनीय सड़कों और पानी की कमी के लिए जाना जाता था, लेकिन अब, मध्य प्रदेश विकास गतिविधियों से भरा है क्योंकि भाजपा सुशासन में विश्वास करती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu