अरविंद केजरीवाल कल बाढग्रस्त पंजाब का दौरा करेंगे

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 03 Sep 2025 03:35 PM
अरविंद केजरीवाल कल बाढग्रस्त पंजाब का दौरा करेंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल बृहस्पतिवार को बाढ़ प्रभावित पंजाब का दौरा करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे। पार्टी ने बताया कि केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। वह राज्य में चलाए जा रहे राहत कार्यों का जायजा लेंगे और प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे।

इससे पहले, आज केजरीवाल ने घोषणा की थी कि पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज राहत सामग्री लेकर पंजाब पहुंच रहे हैं। केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली से हर दिन हमारे नेता, विधायक, सांसद और आम लोग भी बाढ़ राहत सामग्री से भरे ट्रकों के साथ पंजाब जाएंगे और वहां अपनी सेवाएं देंगे। बहुत सारे आरडब्ल्यूए और व्यापारी भी अपने-अपने स्तर पर पंजाब की इस त्रासदी में अपना सहयोग कर रहे हैं। देशभर से लोग पंजाब के लिए अपना सहयोग कर रहे हैं। पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा है।’’

केजरीवाल ने मंगलवार को कहा था कि पार्टी के विधायक और सांसद बाढ़ प्रभावित राज्य को सहायता प्रदान करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री राहत कोष में एक महीने का वेतन दान कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण सतलुज, व्यास और रावी नदियों और मौसमी नालों में उफान के कारण पंजाब भीषण बाढ़ की चपेट में है।

पंजाब दशकों की सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है, जिसमें 30 लोगों की जान जा चुकी है और 3.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य सरकार के एक बुलेटिन के अनुसार, शुरूआत में जहां 12 ज़लिे बाढ़ की चपेट में थे, वहीं अब सभी 23 ज़लिों को बाढ़ प्रभावित घोषित कर दिया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital