एशियाई खेल: प्रधानमंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी

नयी दिल्ली/हांगझोउ. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को बधाई देते हुए गोला फेंक स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेजिंदरपाल सिंह तूर को ‘अभूतपूर्व’ और स्टीपलचेस में पदक हासिल करने वाले अविनाश साबले को ‘अनस्टॉपेबल’ (जिसे रोका ना जा सके) करार दिया.

तूर ने अंतिम प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने खिताब का बचाव किया और सऊदी अरब के अपने प्रतिद्वंद्वी की चुनौती को मात दी, जबकि साबले एशियाई खेलों में 3000 मीटर स्टीपलचेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अभूतपूर्व. तेजिंदर पाल सिंह ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. एशियाई खेलों में गोला फेंक स्पर्धा में लगातार स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई. उनका प्रदर्शन असाधारण है, जो हम सभी को मंत्रमुग्ध कर देता है. भविष्य के लिए शुभकामनाएं.” साबले को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि ‘बेजोड़ चैंपियन’ ने भारत को फिर से गौरवान्वित किया है.

मोदी ने पृथ्वीराज टोंडाइमन (119), काइनान चेनाई (122) और जोरावर सिंह संधू (120) की तिकड़ी वाली भारतीय पुरुष ट्रैप टीम को एशियाई खेलों में 361 के रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी. उनके शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे ट्रैप-50 शॉट टीम स्पर्धा में भारत को पोडियम पर ले गए. मोदी ने कांस्य पदक जीतने के लिए मुक्केबाज निकहत जरीन की भी प्रशंसा की और कहा कि यह उनकी अटूट प्रतिबद्धता और अनुशासन का प्रमाण है.

उन्होंने रजत पदक जीतने वाली गोल्फर अदिति अशोक के ‘फोकस और समर्पण’ की सराहना की, जो एशियाई खेलों में गोल्फ पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं. भारतीय निशानेबाज काइनान चेनाई को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ”काइनान चेनाई की सफलता से खुश हूं. उन्होंने पुरुषों की ट्रैप व्यक्तिगत शूटिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीता. उन्होंने उत्कृष्ट कौशल और दृढ़ संकल्प दिखाया है. उनकी सफलता के कारण आने वाले कई निशानेबाज प्रेरित होंगे.

मनीषा कीर (114), प्रीति रजक (112) और राजेश्वरी कुमारी (111) की तिकड़ी ने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में 337 अंक के साथ रजत पदक जीता. मोदी ने कहा कि भारत की महिला ट्रैप टीम ने कौशल और सटीकता का शानदार प्रदर्शन किया.

एशियाई खेलों में रविवार को भारत के पदक विजेता

एशियाई खेलों में रविवार को भारत के पदक जीतने वाले खिलाड़ी और टीम इस प्रकार रहे.
क्रम खिलाड़ी/टीम स्पर्धा पदक

1. अविनाश साबले 3000 मीटर स्टीपलचेस स्वर्ण

2. तेजिंदरपाल सिंह तूर गोला फेंक स्वर्ण

3. पृथ्वीराज तोडइमान, काइनन चेनाई, जोरावर सिंह संधू पुरूष ट्रैप टीम स्वर्ण

4. अदिति अशोक महिला गोल्फ रजत

5. मनीषा कीर, प्रीति रजाक और राजेश्वरी कुमारी महिला ट्रैप टीम रजत

6. हरमिलन बैंस महिला 1500 मीटर स्पर्धा रजत

7. अजय कुमार सरोज पुरुष 1500 मीटर दौड़ रजत

8. मुरली श्रीशंकर लंबी कूद स्पर्धा रजत

9. ज्योति याराजी महिला 100 मीटर बाधा दौड़ रजत

10. लक्ष्य सेन, एस रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी, किदाम्बी श्रीकांत, कपिला ध्रुव, केपी साई प्रतीक, मिथुन मंजूनाथ पुरुष बैडमिंटन टीम स्पर्धा रजत

11. निकहत जरीन महिला मुक्केबाजी 50 किग्रा वर्ग कांस्य

12. नंदिनी अगासरा महिलाओं की हेप्टाथलन स्पर्धा कांस्य

13. सीमा पूनिया चक्का फेंक स्पर्धा कांस्य

14. जिनसन जॉनसन पुरुष 1500 मीटर दौड़ कांस्य

15. कीनान चेनाई पुरूषों की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा कांस्य

एशियाई खेलों में आठवें दिन के बाद पदक तालिका

एशियाई खेलों में रविवार को आठवें दिन के बाद शीर्ष 10 देशों की पदक तालिका में स्थिति इस प्रकार रही.
(देश, स्वर्ण, रजत, कांस्य, कुल के क्रम में)

चीन 132 72 39 243
कोरिया 30 35 60 125
जापान 29 41 42 112
भारत 13 21 19 53
उज्बेकिस्तान 11 12 17 40
थाईलैंड 10 6 14 30
चीनी ताइपै 9 10 14 33
हांगकांग 6 15 19 40
उत्तर कोरिया 5 9 5 19
इंडोनेशिया 4 3 11 18

Related Articles

Back to top button