
गुवाहाटी/एटा/बांदा. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद ‘भारत की धरती पर पाकिस्तान का समर्थन’ करने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसके साथ ही इस मामले में अब तक असम में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 39 हो गई है. मुख्यमंत्री ने बताया कि होजाई और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिलों से दोनों को गिरफ्तार किया गया है.
उन्होंने शनिवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा,”भारत की धरती पर पाकिस्तान का समर्थन करने वाले गद्दारों पर कार्रवाई की गई. अब तक कुल 39 देशविरोधी तत्वों को सलाखों के पीछे भेजा गया है.” इससे पहले, विपक्षी पार्टी एआईयूडीएफ के विधायक अमीनुल इस्लाम को भी देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. उन पर पाकिस्तान का बचाव करने और पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर बयान देने का आरोप है.
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को एक पंचायत चुनाव प्रचार रैली के दौरान कहा था कि जो भी ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाएगा उसकी टांगें तोड़ दी जाएंगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय सेना के लिए प्रार्थना करें और उन्हें ताकत दें ताकि दुनिया के किसी भी कोने में छिपे पाकिस्तानी आतंकियों को न्याय के दायरे में लाया जा सके. दक्षिण कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल बैसरन (पहलगाम) में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे.
सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में टिप्पणी करने का आरोपी गिरफ्तार
एटा जिले के जलेसर इलाके में एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, आरोपी फैजान खान ने अपने ‘इंस्टाग्राम’ अकाउंट पर कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ पोस्ट किया था.
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हसनगढ़ गांव निवासी फैजान खान ने गंभीर प्रकृति की टिप्पणी की थी, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया. सिंह ने कहा कि आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाली कार्रवाई) के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
चित्रकूट में पाकिस्तान सर्मिथत पोस्ट के विरोध में हिंदू संगठनों का प्रदर्शन
चित्रकूट जिले के शिवरामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोशल मीडिया पर कथित रूप से पाकिस्तान सर्मिथत सामग्री पोस्ट करने के विरोध में रविवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. चित्रकूट के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि शिवरामपुर थाना क्षेत्र के निबुहा पुरवा गांव में रविवार को विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और गांव में हनुमान चालीसा का पाठ किया.
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व निबुहा पुरवा गांव के एक नाबालिग लड़के ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से पाकिस्तान के समर्थन में एक वीडियो पोस्ट किया था, जिस पर मामला दर्जकर जांच की जा रही है. एएसपी ने बताया कि प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा में भारी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया था तथा कानून व्यवस्था बनी हुई है.



