विपक्षी नेताओं के फोन से छेड़छाड़ का प्रयास, अडाणी मामले से ध्यान भटकाने की कोशिश : राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Oct 2023 06:52 PM
विपक्षी नेताओं के फोन से छेड़छाड़ का प्रयास, अडाणी मामले से ध्यान भटकाने की कोशिश : राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि उनकी पार्टी और कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेताओं के आईफोन से सरकार प्रायोजित हैकर्स द्वारा छेड़छाड़ का प्रयास किया गया है और यह सब अडाणी मामले से ध्यान भटकाने की कोशिश है. उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में यह दावा भी किया कि गौतम अडाणी देश में नंबर एक हैं और इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नंबर आता है.

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि जब भी अडाणी से जुड़ा मामला उठाया जाता है तो एजेंसियों को जासूसी में लगा दिया जाता है. उन्होंने एक पुरानी कहानी का उल्लेख करते हुए कहा, “नरेन्द्र मोदी जी की आत्मा अडाणी में है, तोता कहीं बैठा है, राजा कहीं और बैठा हुआ है. हकीकत यह है कि सत्ता अडाणी जी के हाथ में हैं.” उन्होंने दावा किया उनके कार्यालय के कई लोगों, केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के कुछ नेताओं, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा और कुछ अन्य विपक्षी नेताओं के आई़फोन को सरकार प्रायोजित हैकर्स ने निशाना बनाया है.

राहुल गांधी ने कहा, “हिंदुस्तान के भविष्य के लिए सबसे जरूरी चीज न्याय है. अगर न्याय नहीं मिलेगा तो देश आगे नहीं बढ़ेगा.” विपक्ष के कई नेताओं ने मंगलवार को दावा किया कि उन्हें एप्पल से संदेश प्राप्त हुआ है, जिसमें उन्हें आगाह किया गया है कि सरकार प्रायोजित हैकर्स ने उनके आईफोन में कथित तौर पर छेड़छाड़ करने का प्रयास किया है. उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर इस दावे के पक्ष में स्क्रीनशॉट भी साझा किए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu