बांग्लादेश ने भारत को चटगांव, सिलहट बंदरगाह का इस्तेमाल करने की पेशकश की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 Mar 2023 08:09 PM
बांग्लादेश ने भारत को चटगांव, सिलहट बंदरगाह का इस्तेमाल करने की पेशकश की
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने चटगांव और सिलहट में देश के बंदरगाहों का इस्तेमाल करने की भारत को पेशकश करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी तथा लोगों के बीच परस्पर संपर्क बढ़ेगा. चटगांव बांग्लादेश का एक महत्वपूर्ण बंदरगाह है जो भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के निकट होने के कारण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है.

‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार ने प्रधानमंत्री हसीना के हवाले से कहा, ‘‘यदि भारत चाहे तो वह हमारे चटगांव और सिलहट बंदरगाहों का इस्तेमाल कर सकता है.’’ ‘इंडिया फाउंडेशन’ के राम माधव ने रविवार को हसीना के आधिकारिक आवास गणभवन में उनसे मुलाकात की थी जिस दौरान प्रधानमंत्री ने यह पेशकश की.

प्रधानमंत्री हसीना ने कहा कि इस कदम से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी तथा लोगों के बीच परस्पर संपर्क बढ़ेगा. खबर के अनुसार, माधव के साथ बातचीत में हसीना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपना शुभकामना संदेश भी भेजा. माधव ने हसीना के नेतृत्व में बांग्लादेश की सामाजिक-आर्थिक वृद्धि की सराहना की. खबर में उनके हवाले से कहा गया है, ‘‘पड़ोसी देश होने के नाते बांग्लादेश और भारत में शानदार मित्रता है और उम्मीद है कि भविष्य में भी यह रिश्ता बरकरार रहेगा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu