
रायपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में संरक्षित वन्यजीव पैंगोलिन की तस्करी करने के आरोप में चार कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि बस्तर वन मंडल क्षेत्र में वन विभाग को जानकारी मिली कि कुछ तस्कर वन्यजीव पैंगोलिन की तस्करी कर रहे है. सूचना के बाद वन विभाग के दल ने वाहनों की तलाशी शुरू की.
उन्होंने बताया कि जब दल जिले के करपावंड-कोलावल मार्ग पर तलाशी ले रहा था तभी एक मोटरसाइकिल से जूट के बैग में छिपाकर ले जाए जा रहे एक पैंगोलिन को बरामद किया. अधिकारियों ने बताया कि पैंगोलिन की तस्करी के आरोप में विभाग ने चार आरोपियों को पकड़ा है. चारों व्यक्ति वन्य जीव को बेचने के लिए पड़ोसी राज्य ओडिशा से छत्तीसगढ़ आए थे तथा ग्राहक की तलाश कर रहे थे.
उन्होंने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों ने पैंगोलिन को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया है. आरोपियों से दो मोटरसाइकिल बरामद किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 तथा वन्यप्राणि संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. उन्होंने बताया कि वन्य प्राणी पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रथम अनुसूची में दर्ज प्राणियों में शामिल है. इसके तहत उसे मारना तथा खरीद फरोख्त करना दंडनीय अपराध है.



