
कोलकाता. पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के पांचला बाजार इलाके में शनिवार को हिंसा की ताजा घटनाएं सामने आईं. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई तथा कई घरों का आग लगा दी गई. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया जिससे कुछ कर्मी घायल हो गए.
इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यालय को भी क्षति पहुंचाई गई. अधिकारी ने कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं. उन्होंने कहा कि स्थिति फिलहाल ‘‘नियंत्रण’’ में है.
अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया गया है. पथराव में कुछ पुलिसर्किमयों को चोट आई है. हम क्षेत्र में रूट मार्च कर रहे हैं. स्थिति नियंत्रण में है.’’ भाजपा की निलंबित प्रवक्ता द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर विवादास्पद बयान देने के बाद शुक्रवार को हावड़ा जिले के कई इलाकों में ंिहसा देखने को मिली थी.



