प्रेम में मिला धोखा तब युवती ने दूल्हे पर फेंका तेजाब, गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 24 Apr 2023 02:39 PM
प्रेम में मिला धोखा तब युवती ने दूल्हे पर फेंका तेजाब, गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में दूल्हा-दुल्हन पर कथित रूप से तेजाब फेंकने के आरोप में पुलिस ने दूल्हे की पूर्व प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रेम में धोखा मिलने के बाद प्रेमिका ने गुस्से में आकर यह कदम उठाया है।

बस्तर जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने बताया कि इस महीने की 19 तारीख को जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के आमाबाल गांव में विवाह समारोह के दौरान दूल्हा डमरू बघेल (25) और दुल्हन सुनीता कश्यप (19) पर तेजाब फेंकने के आरोप में पुलिस ने दूल्हे की पूर्व प्रेमिका (22) को गिरफ्तार किया है। इस घटना में दूल्हा-दुल्हन के साथ 10 अन्य लोग घायल हो गए थे।

पाल ने बताया कि विवाह समारोह के दौरान दूल्हा—दुल्हन के ऊपर तेजाब फेंकने की घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल ने जांच शुरू की थी और तब पता चला कि एक युवती ने इस घटना को अंजाम दिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपी युवती ने पुलिस को बताया कि उसके और दूल्हा बघेल के मध्य पिछले लगभग 10 वर्षों से प्रेम संबंध था तथा कुछ दिनों पहले उसे जानकारी मिली कि बघेल ने किसी और से सगाई कर ली है और शादी करने वाला है। बघेल ने इसकी जानकारी अपनी प्रेमिका को नहीं दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब आरोपी युवती को बघेल के विवाह की जानकारी मिली तब वह गुस्से में आ गई और उसे सबक सिखाने के लिए वह तेजाब लेकर बघेल के विवाह समारोह में चली गई। पुलिस के अनुसार वहां मौका पाकर उसने दूल्हे और दुल्हन पर तेजाब फेंक दिया। पाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav