
नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि भारत, इंडिया या हिंदुस्तान…, सबका मतलब मोहब्बत है. उन्होंने यह टिप्पणी ऐसे वक्त पर की है जब जी20 से संबंधित रात्रिभोज के निमंत्रण पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘प्रेसीडेंट ऑफ भारत’ के तौर पर संबोधित किए जाने को लेकर मंगलवार को बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया. विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार देश के दोनों नामों ‘इंडिया’ और ‘भारत’ में से ‘इंडिया’ को बदलना चाहती है.
राहुल गांधी ने ‘यूट्यूब’ पर अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से संबंधित वीडियो साझा करते हुए लिखा, ” भारत, इंडिया या हिंदुस्तान…, सबका मतलब मोहब्बत, इरादा सबसे ऊंची उड़ान.” एक साल पहले सात सितंबर को ही कांग्रेस की ”भारत जोड़ो” यात्रा शुरू हुई थी. इसमें राहुल गांधी ने पार्टी के कई नेताओं के साथ 4,000 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा की थी और इस दौरान. उन्होंने समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों से बातचीत की थी. यह यात्रा पिछले साल सात सितंबर को कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी, जो इस वर्ष 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त हुई थी. यह यात्रा 145 दिन चली थी.
राहुल गांधी यूरोप के दौरे पर रवाना
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को लगभग एक सप्ताह के यूरोप दौरे पर रवाना हुए. अपने यूरोप प्रवास के दौरान दौरान वह यूरोपीय संघ (ईयू) के अधिवक्ताओं, छात्रों और भारतीय मूल के प्रवासियों के साथ मुलाकात करेंगे. सूत्रों ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि राहुल सात सितंबर को ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के अधिवक्ताओं के एक समूह से मिलेंगे और हेग में भी इसी तरह की बैठक करेंगे.
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष आठ सितंबर को पेरिस के एक विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित करेंगे. उनका नौ सितंबर को पेरिस में फ्रांस के श्रमिक संघ की बैठक में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है. सूत्रों के अनुसार, राहुल फ्रांस के बाद नॉर्वे का दौरा करेंगे, जहां वह 10 सितंबर को ओस्लो में प्रवासियों के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. उनके 11 सितंबर तक स्वदेश लौटने की संभावना है.



