भुवनेश्वर और सुंदर ने दिल्ली की पारी को नौ विकेट पर 144 रन पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 24 Apr 2023 09:39 PM
भुवनेश्वर और सुंदर ने दिल्ली की पारी को नौ विकेट पर 144 रन पर रोका
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. अनुभवी भुवनेश्वर कुमार (चार ओवर में 11 रन पर दो विकेट) और वांिशगटन सुंदर (चार ओवर में 28 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में सोमवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को नौ विकेट पर 144 रन पर रोक दिया.

दिल्ली की टीम आठवें ओवर में 62 रन पर पांच विकेट गंवा कर मुश्किल में थी लेकिन मनीष पांडे (34) और अक्षर पटेल (34) ने छठे विकेट विकेट के लिए 59 गेंद में 69 रन की साझेदारी कर मैच में टीम की वापसी करायी. पांडे ने 27 गेंद की पारी में दो चौके लगाये जबकि अक्षर ने 34 गेंद की पारी में चार चौके लगाये.   भुवनेश्वर कुमार ने पारी की तीसरी गेंद पर फिल साल्ट को खाता खोले बगैर विकेटकीपर हेनरिच क्लासेन के हाथों कैच कराया. मिशेल मार्श (15 गेंद में 25 रन) ने हालांकि दूसरे ओवर में मार्को यानसन के खिलाफ चार चौके लगाए जबकि कप्तान डेविड वार्नर (20 गेंद में 21 रन) ने चौथे ओवर में वांिशगटन सुंदर के खिलाफ इस आईपीएल का अपना पहला छक्का जड़ा.

पांचवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये टी नटराजन (तीन ओवर में 21 रन पर एक विकेट) ने चौका खाने के बाद मार्श को पगबाधा कर दिया. टीम में वापसी कर रहे सरफराज खान (नौ गेंद में 10 रन) ने छठे ओवर में यानसन के खिलाफ छक्का जड़ा जिससे पावर प्ले में सनराइजर्स का स्कोर दो विकेट पर 49 रन हो गया.

सुंदर ने मैच के आठवें ओवर में सनराइजर्स को तीन सफलता दिलायी. इस स्पिनर ने ओवर की दूसरी गेंद पर वार्नर, चौथी गेंद पर सरफराज और आखिरी गेंद पर अमन खान (चार) के विकेट लिये. तीनों बल्लेबाज हवाई शॉट मार कर आउट हुए. पांडे और शानदार लय में चल रहे अक्षर ने इसके बाद संभल कर बल्लेबाजी करने के साथ दौड़ कर रन बनाने पर ध्यान दिया. दिल्ली ने नौवें से 16वें ओवर के बीच सिर्फ तीन चौके लगाये. इस बीच 15वें ओवर में टीम ने रनों का शतक पूरा किया.

अक्षर ने 17वें ओवर में मयंक मार्कंडेय के खिलाफ हैट्रिक चौका लगाकर रन गति को बढ़या. भुवनेश्वर ने अगले ओवर में शानदार यॉर्कर पर अक्षर को बोल्ड किया तो वहीं 19वें ओवर में सुंदर के सटीक थ्रो पर पांडे रन आउट हो गये. इसके बाद एनरिच नोर्किया (दो रन) और रिपल पटेल (पांच रन) भी रन आउट हुए. पारी की आखिरी गेंद पर कुलदीप यादव (नाबाद चार) ने भुवनेश्वर के खिलाफ चौका लगाकर दिल्ली के स्कोर को 144 तक पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu