बिधूड़ी का बयान अत्यंत निंदनीय, फौरन निलंबित किया जाए: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Sep 2023 08:43 PM
बिधूड़ी का बयान अत्यंत निंदनीय, फौरन निलंबित किया जाए: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/लखनऊ. कांग्रेस ने लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद दानिश अली के खिलाफ भाजपा सदस्य रमेश बिधूड़ी द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को बिधूड़ी को सदन की सदस्यता से निलंबित करने की मांग की. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बिधूड़ी की टिप्पणी के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में जो खेद जताया था, वो भी ‘आंख में धूल झोंकने’ जैसा है.

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”बिधूड़ी ने जो कहा है, वो अत्यंन निंदीय है. यह न केवल दानिश अली का अपमान है, सभी सांसदों और देश का अपमान हैं. रक्षा मंत्री ने माफी मांगने की कोशिश की, लेकिन वह अपर्याप्त है. लोकसभा अध्यक्ष ने बिधूड़ी को चेतावनी दी, वो भी अपर्याप्त है.” रमेश ने कहा, ”बिधूड़ी को फौरन निलंबित किया जाए. बिधूड़ी को माफी मांगनी चाहिए.” बाद में उन्होंने भाजपा नेताओं रविशंकर प्रसाद और हर्षवर्धन की तस्वीर ‘एक्स’ पर पोस्ट की और कहा कि यह दिखाता है कि भाजपा किस हद तक गिर चुकी है. इस तस्वीर में दिख रहा है कि लोकसभा में बिधूड़ी के पीछे बैठे प्रसाद और हर्षवर्धन हंस रहे हैं.

रमेश ने कहा, ”कल लोकसभा में जब भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी अपशब्द बोल रहे थे और अपनी ज.बान से ज.हर उगल रहे थे, तब दो पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और डॉ. हर्षवर्धन अपने सहयोगी की आपत्तिजनक बातों पर बेशर्मी से हंस रहे थे.” उन्होंने कहा, ”लोकतंत्र और संसदीय परंपरा को कलंकित करने वाले इस मामले में ये दोनों भी उतने ही निंदा के पात्र हैं, जितने कि बिधूड़ी. यह दिखाता है कि मोदी-शाह के नेतृत्व में भाजपा किस हद तक गिर चुकी है.”

सांसद बिधूड़ी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसपर सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद जताया था. बिधूड़ी ने भारत के चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की उपलब्धियों” पर चर्चा में भाग लेते हुए अली के खिलाफ कुछ टिप्पणी की थी. बिधूड़ी के आपत्तिजनक शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया है.

बिधूड़ी की टिप्पणी : मामला विशेषाधिकार समिति को भेजने का बिरला से आग्रह करेंगे विपक्षी दल

बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी की आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विपक्षी दल लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर यह मामला विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का आग्रह करेंगे.
सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि विपक्षी दलों की तरफ एक पत्र ‘बहुत जल्द’ लोकसभा अध्यक्ष को भेजा जाएगा.

सांसद बिधूड़ी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसे पर सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद जताया था. बिधूड़ी ने ”चंद्रयान-3 की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों” पर चर्चा में भाग लेते हुए अली के खिलाफ कुछ टिप्पणी की थी. बिधूड़ी के आपत्तिजनक शब्दों की सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया है.

बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो लोकसभा की सदस्यता छोड़ने पर विचार हर सकता हूं: दानिश अली
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद दानिश अली ने शुक्रवार को कहा कि अगर लोकसभा के भीतर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के सदस्य रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वह भारी मन से सदन की सदस्यता छोड़ने पर भी विचार कर सकते हैं.

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ बातचीत में यह भी कहा कि संसद के भीतर उनके खिलाफ ‘हेट स्पीच’ (नफरती बयान) की गई है.
उन्होंने कहा, ” जब एक संसद सदस्य के साथ संसद के भीतर ऐसा हो सकता है, तो एक आम नागरिक और एक मुसलमान के साथ क्या हो रहा होगा.” अली ने कहा, ”अब तक हेट स्पीच सड़क पर होती थी, लेकिन अब संसद के भीतर हो रही है. मैं रात भर सो नहीं पाया.” लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा बिधूड़ी को चेतावनी दिए जाने के सवाल पर बसपा सांसद ने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि लोकसभा अध्यक्ष इस पर कार्रवाई करेंगे. अगर कार्रवाई नहीं होती है, तो भारी मन से इस सदन की सदस्यता छोड़ने पर विचार कर सकता हूं, क्योंकि इस सदन में हेट स्पीच सुनने के लिए नहीं आया हूं.”

उन्होंने सवाल किया, ”क्या इस तरह की भाषा आरएसएस की शाखा में सिखाई जाती है? क्या मोदी जी के नए भारत की प्रयोगशाला में यह सब सिखाया जाता है?” अली ने दावा किया, ”जब बिधूड़ी यह टिप्पणियां कर रहे थे, तो उनके पीछे बैठे दो पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और हर्षवर्धन हंस रहे थे, मेज थपथपा रहे थे…नए भारत की नई संसद में दुनिया ने भाजपा का यह आचरण देखा है.” अली ने बिधूड़ी के खिलाफ शु्क्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भी लिखा और मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का आग्रह किया.

बिधूड़ी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसे लेकर सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद जताया था. बिधूड़ी ने भारत के चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की उपलब्धियों के विषय पर चर्चा में भाग लेते हुए अली के खिलाफ टिप्पणी की थी.

अखिलेश ने कहा,भाजपा की नकारात्मक राजनीति का ‘निकृष्टतम’ रूप है

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने लोकसभा में भाजपा सदस्य द्वारा बसपा सदस्य के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्­पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सत्तारूढ. पार्टी की नकारात्मक राजनीति का ‘निकृष्टतम’ रूप है.
सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यादव ने कहा,”इंसान की पहचान चेहरा नहीं; ज.ुबान होती है. सत्ता के नशे में बेसुध भाजपा के एक सांसद द्वारा विपक्ष के एक अल्पसंख्यक सांसद को अति अभद्र तरीके से संबोधित करना किसी आपराधिक घटना से कम नहीं है.”

न्होंने कहा, ” ये भाजपा की नकारात्मक राजनीति का निकृष्टतम रूप है जिसमें अन्य भाजपाई सांसदों का हंसते हुए सम्मिलित होना दिखाता है कि ये किसी एक भाजपाई की गलती नहीं है बल्कि ये भाजपा के अधिकांश सदस्यों की निर्लज्जता का बेशर्म प्रदर्शन है.” यादव ने कहा,”ऐसे सांसदों पर, किसी भी प्रकार की संसदीय विशेषाधिकारों की छूट से परे, किसी एक सांसद नहीं बल्कि पूरे संसद और संविधान की मानहानि करने का मुकदमा होना चाहिए और ताउम्र की पाबंदी भी.” हालांकि ‘एक्स’ पर उन्होंने भाजपा और बसपा के सांसदों के नाम नहीं लिखे.

बाद में एक फोटो प्रदर्शनी में शामिल होने गए सपा प्रमुख यादव ने पत्रकारों से कहा,” दानिश अली केवल बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद नही हैं, सपा-बसपा का जब गठबंधन था,उस समय वह सांसद चुने गए हैं.” भाजपा सांसद बिधूड़ी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में बसपा सांसद दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था जिसे लेकर सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद जताया था.

राहुल ने दानिश अली से मुलाकात कर एकजुटता प्रकट की

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद दानिश अली से मुलाकात कर एकजुटता प्रकट की. इस मुलाकात के बाद गांधी ने कहा, ”नफरत बाजार में मोहब्बत की दुकान.” भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था. राहुल गांधी शुक्रवार शाम अली के आवास पर पहुंचे और उन्हें गले लगाया. उनके साथ कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी थे.

कांग्रेस ने इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”कल भरी संसद में भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने दानिश अली जी का अपमान किया था, उन्हें बेहद अमर्यादित और असंसदीय अपशब्द कहे थे. उस समय भाजपा के दो पूर्व मंत्री भद्दे ढंग से हंसते रहे. रमेश बिधूड़ी की यह शर्मनाक और ओछी हरकत सदन की गरिमा पर कलंक है. कांग्रेस देश भर के साथ लोकतंत्र के मंदिर में नफरत और घृणा की ऐसी मानसिकता के सख्त खिलाफ है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu