अश्लील वीडियो लीक करने के लिए ‘बड़ी मछली’ जिम्मेदार: कुमारस्वामी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 14 May 2024 08:28 PM
अश्लील वीडियो लीक करने के लिए ‘बड़ी मछली’ जिम्मेदार: कुमारस्वामी
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि उनके भतीजे और हासन से पार्टी सांसद प्रज्वल रेवन्ना द्वारा कथित तौर पर महिलाओं के यौन शोषण के वीडियो लीक होने के लिए एक ”बड़ी मछली” जिम्मेदार है. कुमारस्वामी ने परोक्ष रूप से उप-मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार पर कटाक्ष किया. प्रज्वल रेवन्ना मामले के बारे में पत्रकारों से बातचीत में जद (एस) नेता कुमारस्वामी ने कहा कि मांड्या के एक विधायक ने कहा कि वीडियो जारी करने के पीछे ‘बड़ी मछली’ थी.

वह ‘बड़ी मछली’ कौन है, इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”और कौन? आज मांड्या के एक विधायक ने ‘बड़ी मछली’ की बात कही. जो कुछ ‘बड़ी मछली’ कह रही है, वही ‘छोटी मछली’ भी कर रही है.” उन्होंने कहा कि वकीलों की दलीलें सुनने से प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि एच डी रेवन्ना की गिरफ्तारी ”नफरत की राजनीति” से प्रेरित है. विधायक एच डी रेवन्ना कुमारस्वामी के भाई हैं. पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा की छवि खराब करने के लिए रेवन्ना के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. उन्होंने सवाल किया कि जब ‘वह सरकार में हैं’ तो कोई ‘बड़ी मछली’ को कैसे पकड़ेगा.

कुमारस्वामी के इस आरोप पर कि रेवन्ना को देवेगौड़ा को बदनाम करने के लिए गिरफ्तार किया गया, उपमुख्यमंत्री ने कहा, ”बिल्कुल नहीं. देखिए, मुझे भी उनके (रेवन्ना) लिए दुख हो रहा है. मुझे भी लगता है कि ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए. इतना बड़ा परिवार है. उन्हें जो सोचना है सोचें लेकिन मैं किसी का बुरा नहीं चाहता और मुझे इसकी जरूरत भी नहीं है.” कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि वह कुदरत के कानून में विश्वास करते हैं और उन्होंने भी बहुत कुछ सहा है.

उन्होंने कहा, ”मुझे भी राजनीतिक साजिश का सामना करना पड़ा. मैं जानता हूं कि मैं कितना मजबूत और आत्मविश्वास से भरा हूं. यही कारण है कि भगवान ने मेरी रक्षा की.” पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के बड़े बेटे रेवन्ना को 29 अप्रैल को एक महिला के अपहरण के आरोप में उनके करीबी सतीश बबन्ना के साथ गिरफ्तार किया गया था. रेवन्ना के पुत्र प्रज्वल राज्य की हासन लोकसभा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार हैं और चुनाव के एक दिन बाद 27 अप्रैल को वह देश छोड़कर चले गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu