बीजापुर: एक इनामी नक्सली समेत तीन नक्सली गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Aug 2024 09:19 PM
बीजापुर: एक इनामी नक्सली समेत तीन नक्सली गिरफ्तार

ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि नेलसनार थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों कमलू बेंजाम (26), मंगलू तेलाम (33) और राजू तेलाम (25) को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने बताया कि कमलू बेंजाम जनमिलिशिया कमांडर है तथा उसके सर पर एक लाख रुपये का इनाम है.

अधिकारियों ने बताया कि जिले में माओवादी विरोधी अभियान के तहत नेलसनार थाना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था. दल जब रविवार को मिरतुर-कोडोली चौक पर वाहनों की तलाशी ले रहा था तब तीनों नक्सलियों को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया.

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली कमलू बेंजाम मार्च 2021 में जिला पंचायत सदस्य की हत्या करने की घटना में शामिल था. उसके खिलाफ मिरतुर थाना में नौ स्थायी वारंट लंबित हैं. अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए नक्सली बारूदी सुरंग लगाने, मार्ग अवरूद्ध करने और बैनर-पोस्टर लगाने जैसी घटनाओं में शामिल थे.

By Yogesh Kumar Sahu