बिलासपुर: नदी में डूबने से एक ही परिवार की तीन लड़कियों की मौत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 17 Jul 2023 06:45 PM
बिलासपुर: नदी में डूबने से एक ही परिवार की तीन लड़कियों की मौत
ऑडियो सुनें

बिलासपुर. छत्तीसगढ. के बिलासपुर जिले में नदी में डूबने से दो सगी बहनों समेत एक ही परिवार की तीन लड़कियों की मृत्यु हो गई. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर से 11 किलोमीटर दूर सेंदरी गांव के करीब सोमवार की सुबह अरपा नदी में डूबने से तीन लड़कियों पूजा पटेल (18) , रितु पटेल (14) और 11 वर्षीय धनेश्वरी पटेल की मृत्यु हो गई. पूजा और रितु सगी बहने हैं.

बिलासपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि सोमवार को सुबह 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेंदरी गांव के करीब अरपा नदी में तीन लड़कियां डूब गई हैं. जायसवाल ने बताया कि गांव की पांच लड़कियां नदी में नहाने गई थीं. इसी दौरान तीन लड़कियां नदी के तेज बहाव में चली गईं और डूब गईं, जबकि दो अन्य किसी तरह तैर कर बाहर आ गईं.

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के दल को भेजा गया तथा लड़कियों की तलाश शुरू की गई. कुछ देर बाद तीनों के शव बरामद किये गये. पुलिस मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना से नाराज ग्रामीणों ने बिलासपुर-रतनपुर मार्ग में चक्का जाम कर दिया है. उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav