भाजपा ‘शानदार मिजोरम’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Nov 2023 07:48 PM
भाजपा ‘शानदार मिजोरम’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

आइजोल. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक ‘शानदार मिजोरम’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस चुनावी राज्य के लोग उनके परिवार के सदस्यों की तरह हैं. मिजोरम के लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने रेलवे, स्वास्थ्य, खेल और अन्य क्षेत्रों से संबंधित बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं.

मिजोरम के लोगों को अपने परिवार का सदस्य करार देते हुए मोदी ने कहा कि राज्य के गर्मजोशी भरे लोगों के साथ संवाद करना उनके लिए हमेशा से बहुत खुशी की बात रही है. मोदी ने कहा, ”हमने आपकी आकांक्षाओं, सपनों और आवश्यकताओं को पूरा करने को सर्वोच्च महत्व दिया है.” उन्होंने कहा, ”दोस्तो, भाजपा एक शानदार मिजोरम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. मुझे यकीन है कि इसे पूरा करने के लिए हमें आपका समर्थन और आशीर्वाद मिलेगा.” मिजोरम विधानसभा की 40 सीट के लिए सात नवंबर को मतदान होगा और मतगणना तीन दिसंबर को होगी.

भाजपा राज्य की 23 सीट पर चुनाव लड़ रही है. पार्टी ने 2018 में 39 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ा था और एक सीट जीतकर राज्य विधानसभा में पहली बार अपना खाता खोला था. प्रधानमंत्री का पहले राज्य का दौरा करने और 30 अक्टूबर को ममित में एक जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम था. हालांकि, उनके दौरे को बिना कोई कारण बताए रद्द कर दिया गया था.

मोदी ने वीडियो संदेश में कहा, ”पिछले नौ वर्षों में मुझे 60 बार पूर्वोत्तर जाने का अवसर मिला. बड़े पैमाने पर विकास और कनेक्टिविटी कार्यों ने भौतिक दूरी को भी कम किया है.” मोदी ने कहा कि प्रकृति और संस्कृति के बलबूते मिजोरम में वैश्विक पर्यटन केंद्र बनने की भी क्षमता है.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”दोस्तो, मिजोरम के मेरे पिछले दौरों में से एक के दौरान, मैंने परिवहन द्वारा परिवर्तन लाने के लिए काम करने का वादा किया था. तब से, भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा सभी क्षेत्रों में एक क्रांति हुई है.” उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचा के बलबूते निवेश, उद्योग और आय में वृद्धि होती है, जिससे मिजोरम के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होते हैं.

मोदी ने कहा, ”रेलवे में हमने वह किया जो आजादी के सात दशकों में नहीं हुआ. हमने मिजोरम को बड़ी लाइन से बैराबी तक जोड़ने का कार्य किया. हम बैराबी से सैरांग तक नयी बड़ी लाइन परियोजना में 8,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रहे हैं.” उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि मिजोरम के स्वास्थ्य ढांचे को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूसरी जगहों पर जाने की जरूरत न पड़े.

मिजोरम के किसानों को राज्य के विकास की नींव करार देते हुए मोदी ने कहा कि 1.7 लाख किसानों को केंद्रीय योजना के तहत उनके खाते में पैसे मिल रहे हैं. मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर ने खेलों में भारत के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और भाजपा मिजोरम सहित क्षेत्र में खेल के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu