भाजपा ने बंगाल में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट की NIA से जांच कराने की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Aug 2023 08:00 PM
भाजपा ने बंगाल में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट की NIA से जांच कराने की मांग की
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर 24 परगना जिले में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से कराने की सोमवार को मांग की. इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई थी.

भाजपा विधायकों ने रविवार को हुई इस घटना के विरोध में सोमवार को विधानसभा से बहिर्गमन किया. अधिकारी ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “सभी सबूत नष्ट होने से पहले राज्य सरकार को घटना की जांच तत्काल एनआईए को सौंप देनी चाहिए. हमने कलकत्ता उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका भी दाखिल की है.” भाजपा नेता ने कहा कि जब तक आरोपों में विस्फोटक पदार्थ कानून की धाराएं शामिल नहीं की जातीं, केंद्र स्वत: संज्ञान लेते हुए एनआईए को जांच नहीं सौंप सकता.

भाजपा घटना पर विधानसभा में चर्चा की मांग करते हुए स्थगन प्रस्ताव पेश करना चाहती थी, लेकिन विधानसभाध्यक्ष बिमान बंद्योपाध्याय ने पार्टी को केवल इसे पढ़ने की अनुमति दी. बहिर्गमन से पहले भाजपा विधायकों ने सदन में करीब 10 मिनट तक नारेबाजी की और घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बयान देने की मांग की. भाजपा के मुख्य सचेतक मनोज तिग्गा सहित पार्टी विधायकों ने हंगामा किया और सदन से बाहर निकलते समय कामकाज की सूची वाले कागजात फाड़ दिए.

अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग करते हुए दावा किया कि ममता “विस्फोट के बाद घंटों तक चुप रहीं.” भाजपा नेता ने यह भी कहा कि विस्फोट इतना तीव्र था कि आसपास के घरों की कंक्रीट की छतों को गंभीर नुकसान पहुंचा. उन्होंने दावा किया, “आरडीएक्स विस्फोटक के इस्तेमाल के कारण विस्फोट की तीव्रता काफी अधिक थी.” इस विस्फोट में फैक्टरी के मालिक और उसके बेटे की भी मौत हो गई थी. पुलिस ने इस विस्फोट के संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.

अधिकारी ने यह भी कहा कि जब एगरा में इसी तरह का विस्फोट हुआ था, तब मुख्यमंत्री ने कहा था कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय करने के लिए मुख्य सचिव के नेतृत्व में एक दल बनाया जाएगा. भाजपा नेता ने सवाल किया, “राज्य सरकार जो उपाय करने वाली थी, उनका क्या हुआ?” पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में मई में हुए विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी. अधिकारी ने दावा किया कि विस्फोट में मारे गए सभी लोग पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu