भाजपा ने राहुल पर पलटवार किया, कहा: गांधी परिवार ‘चोर’, मोदी गंगाजल की तरह पवित्र

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Aug 2025 08:06 PM
भाजपा ने राहुल पर पलटवार किया, कहा: गांधी परिवार ‘चोर’, मोदी गंगाजल की तरह पवित्र
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गंगाजल की तरह पवित्र बताया और ‘गुजरात मॉडल’ की आलोचना के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि गांधी परिवार “सबसे भ्रष्ट और चोर परिवार” है.

राहुल गांधी ने बिहार में जनसभा के दौरान आरोप लगाया कि मोदी के मुख्यमंत्री रहते भाजपा ने जिस गुजरात मॉडल को विकास का नमूना बताया वह वोट चोरी का मॉडल है. गांधी के इस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने उनपर तीखा हमला बोला. भाटिया ने आरोप लगाया, “अगर कोई परिवार सबसे भ्रष्ट और चोर है तो वह नकली गांधी परिवार है. सोनिया गांधी, रॉबर्ट वाद्रा और राहुल गांधी भ्रष्टाचार के मामलों में जमानत पर हैं.” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह याद रखना चाहिए कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ उनके “चौकीदार चोर है” नारे का किस तरह उल्टा असर हुआ था. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मोदी “गंगाजल की तरह पवित्र” हैं और जनता की सेवा के लिए पूरी तरह सर्मिपत हैं.

उन्होंने राहुल गांधी पर उनकी सभाओं में प्रधानमंत्री के खिलाफ निराधार आरोप लगाने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. भाटिया ने कहा कि कांग्रेस नेता ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ “चौकीदार चोर है” अभियान चलाया था, लेकिन जनता ने गांधी की पार्टी को करारी शिकस्त दी और उच्चतम न्यायालय की टिप्पणी को गलत तरीके से प्रस्तुत करने के लिए उन्हें माफी भी मांगनी पड़ी थी.

भाजपा नेता ने कहा, “गांधी परिवार भ्रष्ट और झूठा है.” भाटिया ने पत्रकारों से बात करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता पर आरोप लगाया कि वह संवैधानिक पदों पर आसीन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे लोगों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. साथ ही, बिहार में कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अपने अभियान में ऐसे नेताओं को शामिल कर रहे हैं, जिन्होंने पहले राज्य के लोगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं.

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम. के. स्टालिन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी तथा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जैसे नेता, जिन्होंने बिहार के लोगों का “अपमान” किया है, उन्हें राहुल गांधी अपने कार्यक्रम में स्टार प्रचारक बना रहे हैं.

भाजपा नेता ने कहा, कांग्रेस इन नेताओं को सम्मान दे रही है, लेकिन बिहार के लोग अक्टूबर-नवंबर में प्रस्तावित राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी को मुंहतोड़ जवाब देंगे. भाटिया ने कहा कि भाजपा बिहार का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी और इस मामले में बड़ा अभियान चलाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu