जम्मू कश्मीर में बहुमत हासिल करने के खेल में लगी है भाजपा: कांग्रेस

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 07 Oct 2024 04:10 PM
जम्मू कश्मीर में बहुमत हासिल करने के खेल में लगी है भाजपा: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने से एक दिन पहले, सोमवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस केंद्रशासित प्रदेश में बहुमत हासिल करने के खेल में लगी है, जबकि भाजपा को पता है कि जनता ने कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के गठबंधन को जनादेश दिया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि कांग्रेस-नेकां गठबंधन के पक्ष में आने वाले लोगों के फैसले को नकारने के लिए दुर्भावनापूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में, 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को मतदान हुआ था। मतगणना मंगलवार को होनी है। जम्मू-कश्मीर में 10 साल के अंतराल पर तथा 2019 में राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों — जम्मू कश्मीर और लद्दाख में विभाजित किये जाने के बाद ये चुनाव हुए हैं।

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आसन्न हार को देखते हुए भाजपा बहुमत हासिल करने के लिए हताशापूर्ण खेल, खेल रही है और अपनी चाल में मदद मिल जाए, उसके लिए त्रिशंकु विधानसभा की उम्मीद कर रही है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा जानती है कि जम्मू कश्मीर के लोगों ने कांग्रेस-नेकां गठबंधन को स्पष्ट जनादेश दिया है।

कांग्रेस महासचिव ने दावा किया, ‘‘इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को खत्म करने के लिए, उन्होंने अपनी स्वयंभू फर्जी ‘चाणक्य-नीति’ के पुराने तरीकों का सहारा लिया है। हमारे पास यह कहने के लिए स्पष्ट जानकारी और आधार है कि जम्मू कश्मीर में कांग्रेस-नेशनल कॉंन्फ्रेंस गठबंधन के पक्ष में (आने वाले) जनादेश को नकारने के लिए दुर्भावनापूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।’’ रमेश ने कहा, ‘‘हम इस तरह के नापाक मंसूबों को विफल करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देंगे।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav