कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस साल दिसंबर में ही लोकसभा चुनाव करा सकती है. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए सभी हेलीकॉप्टर पहले से ही बुक कर लिए हैं.
ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस की युवा इकाई की एक रैली को संबोधित कर रही थीं. उन्होंने आगाह किया कि यदि भाजपा को केंद्र में लगातार तीसरा कार्यकाल मिलता है तो देश को “निरंकुश” शासन का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने राज्य में अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोटों के लिए “गैरकानूनी गतिविधियों” में लिप्त कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने आरोप लगाया कि “कुछ पुलिसर्किमयों की मदद से” ऐसा हो रहा है.
ममता ने कहा, “अगर भाजपा लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता में लौटती है, तो देश को निरंकुश शासन का सामना करना पड़ेगा. मुझे आशंका है कि वे (भाजपा) दिसंबर 2023 में ही लोकसभा चुनाव करा सकते हैं…भाजपा ने पहले ही हमारे देश को समुदायों के बीच कटुता वाले देश में बदल दिया है. अगर वे सत्ता में वापसी करते हैं, तो इससे हमारा देश नफरत का देश बन जाएगा.” अगला आम चुनाव 2024 में होना है.
ममता ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए भाजपा ने ”पहले ही सभी हेलीकॉप्टर बुक कर लिए हैं” ताकि अन्य राजनीतिक दल प्रचार के लिए उनका इस्तेमाल नहीं कर सकें. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रविवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोटों के संदर्भ में ममता ने कहा, ”कुछ लोग अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं और कुछ पुलिसकर्मी इसमें मदद कर रहे हैं.” अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोटों में नौ लोगों की मौत हो गई थी.
ममता ने कहा, ”ज्यादातर पुलिसकर्मी पूरी ईमानदारी से अपनी ड्यूटी कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे तत्वों की मदद कर रहे हैं. उन्हें याद रखना चाहिए कि रैगिंग-विरोधी प्रकोष्ठ की तरह, हमारे यहां बंगाल में भ्रष्टाचार-विरोधी प्रकोष्ठ भी है.” उन्होंने पटाखा उद्योग से जुड़े लोगों से हरित पटाखों का निर्माण करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा, “हरित पटाखों के उत्पादन में क्या समस्या है? संभव है कि लाभ कुछ कम हो, लेकिन यह अधिक सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल है.”
ममता ने यह आरोप भी लगाया कि राज्यपाल सी वी आनंद बोस संवैधानिक मानदंडों का उल्लंघन कर रहे हैं, और वह उनकी “असंवैधानिक गतिविधियों” का समर्थन नहीं करती हैं. मुख्यमंत्री ममता ने राज्यपाल का जिक्र करते हुए कहा, ”निर्वाचित सरकार के साथ पंगा नहीं लें.” तृणमूल प्रमुख ने कहा कि उन्होंने बंगाल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के तीन दशक लंबे शासन को समाप्त किया था और अब वह लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराएंगी.
यादवपुर विश्वविद्यालय में ‘गोली मारो’ के नारे लगाने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा कार्यकर्ताओं पर निशाना साधते हुए ममता ने कहा कि उन्होंने विश्वविद्यालय में नफरत फैलाने वाले नारे लगाने वालों को गिरफ्तार करने का पुलिस को निर्देश दिया है.
ममता ने कहा, “ऐसे नारे लगाने वालों को नहीं भूलना चाहिए कि यह उत्तर प्रदेश नहीं बल्कि बंगाल है.” ममता के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर नजर रखने में माहिर हैं. उन्होंने कहा, ”इसलिए वह जब ऐसा कह रही हैं, तो हो सकता है कि आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) भी यही सोच रहा हो.” माकपा नेता चक्रवर्ती ने कहा कि ममता बनर्जी का बयान अन्य राजनीतिक दलों को दिग्भ्रमित करने का प्रयास भी हो सकता है. उन्होंने कहा, ” देखना होगा कि वास्तव में क्या होता है.”