भाजपा ने नवाब मलिक की उम्मीदवारी का विरोध किया, कहा-दाऊद से संबंध रखने वालों के खिलाफ है पार्टी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Oct 2024 08:48 PM
भाजपा ने नवाब मलिक की उम्मीदवारी का विरोध किया, कहा-दाऊद से संबंध रखने वालों के खिलाफ है पार्टी
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता आशीष शेलार ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता नवाब मलिक की उम्मीदवारी के खिलाफ है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई के अध्यक्ष शेलार ने एक समाचार चैनल से कहा, ”हम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े किसी व्यक्ति को टिकट देना स्वीकार नहीं करेंगे.” उन्होंने कहा, ”हम मलिक का समर्थन नहीं करेंगे और अपना अलग रुख रखेंगे.”

वह उन मीडिया खबरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिनमें कहा गया है कि मुंबई दक्षिण-मध्य संसदीय क्षेत्र के अणुशक्ति नगर से मौजूदा विधायक नवाब मलिक मानखुर्द-शिवाजी नगर से चुनाव लड़ सकते हैं और अणुशक्ति नगर निर्वाचन क्षेत्र को अपनी बेटी सना के लिए छोड़ सकते हैं. सना चुनावी राजनीति में पदार्पण करने की योजना बना रही हैं.

मलिक महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार में मंत्री थे. मलिक को 2022 में राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (एनआईए) द्वारा दाऊद और छोटा शकील और टाइगर मेमन सहित उसके अन्य सहयोगियों के खिलाफ दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया था. मलिक को इस साल जुलाई में चिकित्सा आधार पर जमानत दी गई थी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विभाजन के बाद सहयोगी भाजपा की आपत्तियों के बावजूद उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट ने विधायक मलिक को अपने पाले में कर लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu