बेंगलुरु में ‘हनुमान चालीसा’ बजाने पर व्यापारी पर हुए हमले के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Mar 2024 07:51 PM
बेंगलुरु में ‘हनुमान चालीसा’ बजाने पर व्यापारी पर हुए हमले के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. नागरथपेट में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अजान के दौरान अपनी दुकान में तेज आवाज में कथित तौर पर ‘हनुमान चालीसा’ बजाने को लेकर युवाओं के एक समूह द्वारा एक व्यापारी पर हमला किये जाने की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया.
एक व्यापारी पर हमले की घटना के संबंध में दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है.

केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे और भाजपा विधायक एस सुरेश कुमार उन लोगों में शामिल थे जिन्हें पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लिया. बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने कहा कि घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से दो को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है, एक और व्यक्ति को अभी हिरासत में लिया जाना है. भाजपा ने पीड़ित मुकेश की दुकान से शांतिपूर्ण मार्च निकालने का आह्वान किया था, जिसमें प्रतिभागियों ने ‘हनुमान चालीसा’ का पाठ किया.

पुलिस के अनुसार, युवाओं के एक समूह ने ‘अजान’ के दौरान रविवार को जुमा मस्जिद रोड पर अपनी दुकान में तेज आवाज में मुकेश द्वारा ‘हनुमान चालीसा’ बजाने पर आपत्ति जताई और उसके साथ मारपीट की थी. सुरेश कुमार ने आरोप लगाया “हनुमान चालीसा बजाने वाले व्यापारी पर हमला होना बेहद दुखद है. समाज में शांति भंग करने की कोशिश की जा रही है.” बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कांग्रेस सरकार के दबाव में आकर उचित प्राथमिकी दर्ज नहीं की.

भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष सूर्या ने संवाददाताओं से कहा ह्लकेवल मुकेश (वह व्यापारी जिसे पीटा गया था) फिर से पुलिस थाने गया और शिकायत दर्ज कराई, तथ्य प्राथमिकी में डाले गए. हमने पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए समय सीमा दी थी. छह लोगों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है, उन्होंने आश्वासन दिया है कि छठे आरोपी को आज शाम गिरफ्तार कर लिया जाएगा.ह्व प्राथमिकी दर्ज करने में देरी के आरोप का पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने खंडन किया. उन्होंने कहा “घटना के बारे में जानने के तुरंत बाद पुलिस उपायुक्त मौके पर पहुंचे और उसी शाम मामला दर्ज किया गया, जब घटना हुई थी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu