भाजपा ने नौ उम्मीदवारों की 10वीं सूची जारी की, चार सांसदों के काटे टिकट

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार को नौ उम्मीदवारों की 10वीं सूची जारी कर दी. पार्टी ने इलाहाबाद, चंडीगढ़ और फूलपुर के मौजूदा सांसदों का टिकट काटकर उनके स्थान पर नए चेहरों पर भरोसा जताया है. पार्टी ने बलिया से मौजूदा सांसद वीरेन्द्र सिंह ‘मस्त’ के स्थान पर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को मैदान में उतारा है. भाजपा ने उम्मीदवारों की अपनी 10वीं सूची में कुल नौ लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की जिसमें उत्तर प्रदेश की सात और चंडीगढ़ तथा पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट शामिल है.

पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबकि भाजपा ने मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है. इलाहाबाद की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के स्थान पर नीरज त्रिपाठी, बलिया से सांसद वीरेंद्र सिंह ‘मस्त’ के स्थान पर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर और चंडीगढ़ से किरण खेर के स्थान पर संजय टंडन को उम्मीदवार बनाया गया है. टंडन भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी हैं.

संजय टंडन छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल दिवंगत बलरामजी दास टंडन के बेटे हैं. किरण खेर पहली बार 2014 में चंडीगढ़ से सांसद बनी थीं. उन्होंने 2019 में चंडीगढ़ से फिर से जीत हासिल की. उत्तर प्रदेश के फूलपुर से मौजूदा सांसद केशरी देवी पटेल का टिकट काट कर उनके स्थान पर प्रवीण पटेल पर पार्टी ने भरोसा जताया है. कौशाम्बी से एक बार फिर विनोद सोनकर और मछलीशहर से बी पी सरोज को पार्टी ने टिकट दिया है जबकि गाजीपुर से पारसनाथ राय को उम्मीदवार बनाया गया है. भाजपा ने आसनसोल से पूर्व केंद्रीय मंत्री एस एस अहलूवालिया को टिकट दिया है. उनका मुकाबला तृणमूल कांग्रेस के नेता और फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा से होगा.

अहलूवालिया वर्तमान में बर्दवान-दुर्गापुर सीट से पार्टी के सांसद हैं. इस सीट पर अहलूवालिया की जगह भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को उम्मीदवार बनाया है. घोष निवर्तमान लोकसभा में मेदिनीपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. भाजपा ने शुरुआत में आसनसोल से भोजपुरी गायक-अभिनेता पवन सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था लेकिन सिंह ने इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था. पवन सिंह ने बुधवार को बिहार के कारकाट से चुनाव लड़ने की घोषणा की.

Related Articles

Back to top button