भाजपा ने 58 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की, गहलोत व पायलट के खिलाफ प्रत्याशी घोषित किए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Nov 2023 08:16 PM
भाजपा ने 58 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की, गहलोत व पायलट के खिलाफ प्रत्याशी घोषित किए
ऑडियो सुनें

जयपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 58 उम्मीदवारों की तीसरी सूची बृहस्पतिवार को जारी की और पार्टी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के खिलाफ अपने उम्मीदवारों नामों की घोषणा भी कर दी.

पार्टी की इस सूची में सात महिला उम्मीदवार हैं और उसने अपने मौजूदा आठ विधायकों को एक बार फिर मौका दिया है. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह ने दिल्ली में यह सूची जारी की. इस सूची में पार्टी ने सरदारपुरा (जोधपुर) सीट से महेंद्र सिंह राठौड़ को उम्मीदवार बनाया है जहां कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चुनाव लड़ रहे हैं. राठौड़ जोधपुर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष हैं.

वहीं टोंक सीट पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के खिलाफ भाजपा ने अजीत सिंह मेहता को मैदान में उतारा है. मेहता 2013 में टोंक सीट से विधायक रह चुके हैं. पार्टी ने हाथोज धाम के धर्मगुरु बालमुकुंद आचार्य को हवामहल सीट से मैदान में उतारा है. कांग्रेस ने इस सीट के लिए अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है.

पार्टी ने जिन मौजूदा विधायकों को इस सूची में टिकट दिया हैं उनमें सूरतगढ़ से रामप्रताप कासनिया, रामगंज मंडी से मदन दिलावर, फलोदी से पब्बाराम विश्नोई, भीनमाल से पूराराम चौधरी, रानीवाड़ा से नारायण सिंह देवल, कपासन से अर्जुन लाल जीनगर, केशोरायपाटन से चंद्रकांता मेघवाल व लाडपुरा से कल्पना देवी शामिल हैं. भाजपा ने एक दिन पहले दिल्ली में पार्टी में शामिल हुए सुभाष मील, खंडेला , दर्शन सिंह, करौली तथा उदय लाल डांगी, वल्लभनगर को भी टिकट दिया है. मील व सिंह कांग्रेस से जबकि डांगी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से भाजपा में शामिल हुए हैं.

पार्टी ने शाहपुरा भीलवाड़ा से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल का टिकट काट दिया है. उनकी जगह नए चेहरे लालाराम बैरवा को मौका दिया गया है. उल्लेखनीय है कि मेघवाल ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था जिसके बाद पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया था.

पार्टी ने पहली दो सूचियों में क्रमश: 83 और 41 उम्मीदवार घोषित किए थे. तीन सूचियों में वह अब कुल 182 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है. अभी उसे 18 उम्मीदवार और घोषित करने हैं. राज्य की सभी 200 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी. नामांकन छह नवंबर तक किए जा सकते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu