भाजपा ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को ‘सिर्फ सिंदूर का कारोबार’ बताकर खारिज करने पर ममता बनर्जी की आलोचना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 May 2025 09:00 PM
भाजपा ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को ‘सिर्फ सिंदूर का कारोबार’ बताकर खारिज करने पर ममता बनर्जी की आलोचना की
ऑडियो सुनें

कोलकाता/नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर ऑपरेशन सिंदूर को ”सिंदूर का कारोबार” बताकर भारत के सशस्त्र बलों का ”अपमान” करने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया. इसके साथ ही पार्टी ने उन पर राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को कमजोर करने वाली ओछी राजनीतिक बयानबाजी करने का आरोप लगाया.

इससे पहले दिन में बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया था. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सैन्य कार्रवाई की गई थी.
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पश्चिम बंगाल के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने ममता बनर्जी की टिप्पणी की निंदा करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ”शर्म की बात है! राजनीतिक संकीर्णता किस हद तक गिर सकती है? ममता बनर्जी ने अब ऑपरेशन सिंदूर को महज ‘सिंदूर का कारोबार’ बताकर खारिज कर दिया है. यह उनका असली चेहरा है- बलिदान, देशभक्ति और हमारे सशस्त्र बलों के साहस का मजाक उड़ाना.”

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेजोड़ समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ भारत की रक्षा की है. फिर भी ममता बनर्जी, केवल वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित होकर, भारत की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा में किए गए पराक्रम और बलिदान को कम आंकना पसंद करती हैं. इतिहास याद रखेगा कि कौन देश के साथ खड़ा था – और किसने इसके नायकों का मजाक उड़ाया.” भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए उनकी टिप्पणियों को बहादुर सैनिकों के बलिदान का अपमान बताया.

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ”ऑपरेशन सिंदूर को ‘सिंदूर का कारोबार’ कहना हमारे वीर जवानों के बलिदान का अपमान है. हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी राष्ट्र के गौरव और सुरक्षा की रक्षा के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वोट बैंक की राजनीति के दलदल में फंसी हुई हैं.” मजूमदार ने पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री को यह सीखने की जरूरत है कि क्या और कब बोलना है.

उन्होंने कहा, ”ऑपरेशन सिंदूर हमारे सशस्त्र बलों की बड़ी जीत है और हम इसका जश्न मनाएंगे. तृणमूल कांग्रेस को भी अपने वोट बैंक वाले इलाकों में ‘तिरंगा यात्रा’ निकालकर जश्न मनाना चाहिए.” बनर्जी ने बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में केंद्र पर आरोप लगाते हुए कहा, ”केंद्र ने विभिन्न राज्यों में आगामी चुनावों से पहले राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस (सैन्य अभियान) का नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखा.”

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल सांसदों को ‘आतंकवादी’ कह रही है कांग्रेस : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए विदेश मिशन पर गए सांसदों की तुलना आतंकवादियों से कर रही है. भाजपा ने इस मामले को लेकर ‘सख्त कार्रवाई’ की मांग भी की. इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वास्तविक और अधिक जरूरी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ मनाने के उद्देश्य से 25-26 जून को संसद का विशेष सत्र बुलाने पर विचार किया जा रहा है.

रमेश ने कथित तौर पर कहा था कि, ”हमारे सांसद भी यहां-वहां घूम रहे हैं और आतंकवादी भी इधर-उधर घूम रहे हैं.” कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ”जयराम रमेश का कहना है कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल निर्वाचित सांसद जो विदेशों में पाकिस्तान का पर्दाफाश कर रहे हैं, वास्तव में आतंकवादियों की तरह हैं. जब पाकिस्तान को कूटनीतिक हमले के जरिए घेरा जा रहा है, तो कांग्रेस एक बार फिर पाकिस्तान के पक्ष में बोलने के लिए सामने आई है और सांसदों को आतंकवादी बता रही है.” भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए पूछा कि क्या विदेश दौरे पर गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल द्रमुक सांसद कनिमोई, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले और समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव आतंकवादी हैं.

भाजपा के आरोपों को लेकर कांग्रेस या रमेश की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. पूनावाला ने आरोप लगाया कि रमेश की टिप्पणी पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ‘कूटनीतिक हमले’ का अपमान है. उन्होंने मांग की कि संसद इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई करे.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता की टिप्पणी उनकी पार्टी की ‘मानसिकता’ को दर्शाती है क्योंकि इसके नेता 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकवादी हमले पर पाकिस्तान को ‘क्लीन चीट’ देने में लगे हुए हैं. पूनावाला ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, ”कांग्रेस पार्टी को शर्म आनी चाहिए. कांग्रेस पाकिस्तान के डीजी आईएसपीआर (अहमद शरीफ चौधरी) और पाकिस्तानी यूट्यूबर्स की भाषा बोल रही है. ”

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu