अपने शासन वाले राज्यों की घटनाओं पर आंखें मूंद लेती है भाजपा : अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Aug 2024 08:58 PM
अपने शासन वाले राज्यों की घटनाओं पर आंखें मूंद लेती है भाजपा : अखिलेश
ऑडियो सुनें

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी विपक्ष शासित राज्यों में महिलाओं के प्रति होने वाली घटनाओं पर सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिये आवाज उठाती है, लेकिन अपने शासन वाले राज्यों में ऐसे मामलों पर नैतिकता के सभी दरवाजे बंद करके बैठ जाती है.

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने यहां पार्टी राज्य मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कोलकाता बलात्कार-हत्या मामले और उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में दो लड़कियों की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले पर भाजपा के रुख का जिक्र करते हुए कहा, ”उत्तर प्रदेश में भी पश्चिम बंगाल जैसी घटनाएं हो रही हैं. बच्चियों की हत्याएं हो रही हैं. कानून-व्यवस्था चौपट है. समाजवादी सरकार ने डायल 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा बनाई थी जिससे महिलाओं के प्रति अपराधों पर लगाम लगी थी. भाजपा ने उसे निष्प्रभावी बना दिया.”

उन्होंने कहा, ”अभी फर्रुखाबाद में दो बालिकाओं की संदिग्ध मौत के मामले में भाजपा सरकार की चुप्पी विचलित करने वाली है. भाजपा केवल राजनीतिक फायदे के लिए विपक्ष शासित राज्यों में आवाज उठाती हैं लेकिन अपने शासन वाले राज्यों में महिला अपराधों के मामले में मुंह, आंख, कान और नैतिकता के सभी दरवाजे बंद करके बैठ जाती है.” यादव ने कहा, ”लोकसभा चुनाव में पराजय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदमे में हैं. पूरी भाजपा में बौखलाहट है. मुख्यमंत्री हर दिन हल्के बयानों से संवैधानिक पद की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं. योगी जी जनता का भरोसा खो चुके हैं.ह्व

उन्होंने कहा, ह्लजनता अब उनके बहकावे में नहीं आने वाली. मुख्यमंत्री जी ने सात साल की सरकार में समाजवादी पार्टी के खिलाफ विषवमन करने, पार्टी को बदनाम करने तथा सत्ता का दुरुपयोग के अलावा कोई काम नहीं किया है. जनता इनकी सत्ता की भूख को समझ चुकी है. आने वाले चुनावों में जनता इनका बोरिया बिस्तर बांध देगी.” उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उन्हें राज्य की 10 विधानसभा सीटों के उपचुनाव की तैयारी करने के साथ-साथ साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती देकर पूरी सावधानी से भाजपा का मुकाबला करना है, वर्ष 2027 में भाजपा की विदाई तय है.

यादव ने आरोप लगाते हुए कहा, ह्ल सरकार नौकरी देना नहीं चाहती. कई लाख पुलिस कमियों की भर्ती नहीं हुई है. शिक्षकों की भर्ती का पेंच फंसा हुआ है. भाजपा की मंशा नौजवानों को ‘डिलीवरी ब्वॉय’ बनाने की है. रोजी-रोजगार के अभाव में युवा अवसाद में पड़कर आत्महत्या कर रहे हैं.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलडोजर का अवैधानिक प्रयोग होने लगा है, कानून की अनेदखी कर मनमाने तरीके से खासकर एक वर्ग विशेष के घरों ढहाए जा रहे हैं, भाजपा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu