भाजपा के घोषणापत्र में समाज के हर वर्ग के लिए खाका पेश किया गया है: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Apr 2024 07:51 PM
भाजपा के घोषणापत्र में समाज के हर वर्ग के लिए खाका पेश किया गया है: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम/बेंगलुरु. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि एक दिन पहले जारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणापत्र में भारतीय समाज के हर वर्ग के लिए एक विस्तृत खाका (रोडमैप) पेश किया गया है. मोदी ने अट्टिंगल लोकसभा क्षेत्र के कट्टकडा में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करने के दौरान केरल के तटीय समुदाय तक पहुंच बनाने के लिए उन्होंने समुद्र तट की सुरक्षा, उनकी आजीविका की रक्षा और उनके लिए एक सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने का वादा किया.

प्रधानमंत्री ने केरल में ‘एलडीएफ’ और कांग्रेस की साख और विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाया और कहा कि वे तिरुवनंतपुरम में एक-दूसरे से लड़ते हैं, लेकिन तिरुनेलवेली (तमिलनाडु में) में सहयोगी हैं. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले सभी वर्षों में कांग्रेस और वाम दलों के निष्प्रभावी शासन के कारण राज्य में राजनीतिक हत्याओं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के कारण केरल में कानून और व्यवस्था की स्थिति सुर्खियों में रही है.

उन्होंने केरल की वामपंथी सरकार पर हमला करने के लिए राज्य में सोने की तस्करी और सहकारी बैंक घोटालों का मुद्दा उठाया.
उन्होंने कहा कि भ्रष्ट लोग उन्हें रोकने के लिए गठबंधन कर रहे हैं, लेकिन वह उनसे डरने वाले नहीं हैं. जब प्रधानमंत्री कट्टकडा पहुंचे, तो उन्होंने अपने स्वागत के लिए सड़क किनारे एकत्र जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और इसके लिए वह अपने वाहन के पायदान खड़े थे, एक रोड शो की तरह. राज्य की राजधानी से हेलीकॉप्टर के माध्यम से कट्टकडा पहुंचे मोदी अट्टिंगल लोकसभा क्षेत्र में आयोजित भाजपा की सार्वजनिक सभा में शामिल होने के लिए आए थे.

मंगलुरु का रोड शो यादगार रहा, मैसूरु की जनसभा थी अद्भुत : मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलुरु में रविवार रात किए गए अपने रोड शो को ‘यादगार’ करार दिया और मैसूरु की जनता को ‘अद्भुत’ बताया. प्रधानमंत्री मोदी के साथ मैसूरु में पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने मंच साझा किया था. मैसूरु के महाराजा कॉलेज मैदान पर रविवार शाम को आयोजित जनसभा के दौरान मोदी ने आयोध्या में नवनिर्मित राममंदिर में स्थापित रामलला की मूर्ति के शिल्पकार अरुण योगीराज से भी मुलाकात की. योगीराज द्वारा प्रधानमंत्री का अभिवादन किए जाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर आई है.

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कर्नाटक के कार्यक्रम की झलकियों को साझा करते हुए कहा, ” मंगलुरु का रोड शो यादगार रहा.” प्रधानमंत्री ने रविवार को एक विशाल रोड शो किया. इस दौरान उनका काफिला जब भाजपा के गढ. माने जाने वाले दक्षिण कन्नड़ जिले के मंगलुरु शहर में नारायण गुरु सर्कल से नव भारत सर्कल तक गुजरा तो हजारों लोगों ने उनपर पुष्प वर्षा की. एक अलग पोस्ट में, मोदी ने कहा कि मैसूरु में जनसभा ‘अद्भुत’ थी और कर्नाटक के सभी हिस्सों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल सेक्युलर के लिए ‘जबरदस्त’ समर्थन है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu