जम्मू-कश्मीर के डोडा में विस्फोट, कोई हताहत नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Sep 2025 07:55 PM
जम्मू-कश्मीर के डोडा में विस्फोट, कोई हताहत नहीं
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बृहस्पतिवार को एक विस्फोट हुआ जिससे इलाके में दहशत फैल गई. सूत्रों ने यह जानकारी दी.
सूत्रों के मुताबिक, डोडा में जमई मस्जिद के पास डुमरी-ठुकर मोहल्ले में हुए इस विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ. डोडा-किश्तवाड़-रामबन के उप महानिरीक्षक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया, “डोडा शहर के ठुकर मोहल्ले में कम तीव्रता वाला विस्फोट हुआ है. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.” पुलिस ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीमें विस्फोट की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के प्रयास कर रही हैं.

पुलिस के मुताबिक, जावेद और खुर्शीद नाम के दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है क्योंकि वे विस्फोट के समय घटनास्थल पर मौजूद थे. अधिकारी के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि विस्फोट में कच्चे विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया, जिसकी फॉरेंसिक टीम और पुलिस द्वारा जांच की जा रही है. कड़े जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी के बाद 80 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने तथा प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़पों के बाद जिले तथा आसपास के इलाकों में तनाव व्याप्त है.

डोडा जिले में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन भी निषेधाज्ञा लागू रही और एहतियात के तौर पर मोबाइल इंटरनेट और वाई-फाई सेवाएं बंद रहीं. प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) अधिनियम की धारा 163 लागू कर दी है, जिसके तहत बिना पूर्व अनुमति के लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu