कोच्चि-दिल्ली इंडिगो विमान में बम की धमकी; निरीक्षण के लिए नागपुर में उतारा गया: सीआईएएल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 17 Jun 2025 08:13 PM
कोच्चि-दिल्ली इंडिगो विमान में बम की धमकी; निरीक्षण के लिए नागपुर में उतारा गया: सीआईएएल
ऑडियो सुनें

कोच्चि/मुंबई. कोच्चि से दिल्ली के लिए रवाना हुए विमान को बम रखे होने की धमकी के बाद मंगलवार को नागपुर में आपात स्थिति में उतारा गया. विमान में 157 यात्री सवार थे. कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड (सीआईएएल) ने यह जानकारी दी. मस्कट से यात्रा शुरू करने वाले विमान ने कोच्चि में अपने तय पड़ाव के बाद दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. सीआईएएल ने कहा कि इंडिगो की उड़ान के बारे में आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी मिली थी. यह उड़ान 157 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों के साथ सुबह नौ बज कर 31 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी.

हवाईअड्डा संचालक ने कहा, “सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद विमान नागपुर हवाईअड्डे पर आपात स्थिति में उतरा.” इंडिगो के प्रवक्ता ने बाद में एक बयान में उड़ान को लेकर “सुरक्षा चिंता” संबंधी सूचना मिलने की पुष्टि की और कहा कि सुरक्षा विमानन प्रोटोकॉल के अनुसार उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया. सीआईएएल ने कहा कि इसके बाद, एक ‘बम खतरा आकलन समिति’ (बीटीएसी) बुलाई गई और धमकी को ”विशिष्ट” घोषित किया गया.

इंडिगो ने बयान में कहा, ”विमान नागपुर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित तौर पर उतरा और सभी यात्री भी विमान से सुरक्षित बाहर आए.” प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन विमान को परिचालन फिर से शुरू करने की मंजूरी देने से पहले अनिवार्य सुरक्षा जांच करने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu