गुवाहाटी/पटना. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने चौंकाने वाला कबूलनामा किया है कि उनकी पार्टी के सांसद गौरव गोगोई की ब्रिटिश मूल की पत्नी पाकिस्तान सरकार के वेतन पर काम करती थी. शर्मा ने कहा कि उन्हें इन विवरणों की पहले से जानकारी नहीं थी, (और) अब जब इस बात का खुलासा हुआ है तो कांग्रेस नेता रिपुन बोरा का बयान दर्ज किया जाएगा और मामले में कार्रवाई की जाएगी.
असम के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस नेता गोगोई पर उनकी पत्नी के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई’ से कथित संबंध को लेकर हमला कर रही है. शर्मा ने कहा कि गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न ने भारत और पाकिस्तान के बीच 19 बार यात्रा की थी. पूर्व राज्यसभा सदस्य बोरा ने रविवार को कहा था कि कोलबर्न एक अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) में काम करती हैं, जिसका नेटवर्क पाकिस्तान और अन्य देशों में है.
कांग्रेस की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बोरा के हवाले से कहा गया था, ”इस (काम के) संबंध में उन्हें (कोलबर्न को) पाकिस्तान से वेतन मिला था और उन्होंने काम के लिए कई बार उस देश का दौरा किया था, लेकिन क्या यह किसी की देशभक्ति पर सवाल उठाने का आधार हो सकता है? कई भारतीय और पाकिस्तानी एक-दूसरे के देशों में कानूनी रूप से काम कर रहे हैं.” शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”कल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री रिपुन बोरा ने एक चौंकाने वाला कबूलनामा किया. उन्होंने स्वीकार किया कि माननीय सांसद श्री गौरव गोगोई की ब्रिटिश मूल की पत्नी वास्तव में पाकिस्तान सरकार के वेतन पर काम कर रही थीं.” उन्होंने कहा कि यदि बोरा का बयान सच है, तो इससे राष्ट्रीय सुरक्षा के बारे में गंभीर प्रश्न उठते हैं.
शर्मा ने कहा, ”दुश्मन देश से जुड़े व्यक्ति की एक वर्तमान संसद सदस्य के करीब मौजूदगी भारत की संस्थाओं की अखंडता के लिए एक गंभीर और अस्वीकार्य खतरा है.” उन्होंने कहा, ”हमें पहले इन चौंकाने वाले विवरणों की जानकारी नहीं थी. अब जब यह खुलासा हो गया है, तो मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा, “हम बोरा का बयान दर्ज करेंगे और इस मामले में कार्रवाई करेंगे.” इससे पहले गोगोई ने अपनी पत्नी के कथित पाकिस्तानी संबंधों के आरोप को लेकर शर्मा की आलोचना की थी और घरेलू मोर्चे पर विभिन्न मुद्दों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाया था. कांग्रेस सांसद ने यहां तक कहा था कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी ”हास्यास्पद, निराधार, उन्मत्त और बकवास” थी और वह (शर्मा) तथ्यों की जांच किए बिना “आईटी सेल ट्रोल” की तरह व्यवहार कर रहे थे.
असम की जमीन पर हिमंत विश्व शर्मा के आरोपों का जवाब दूंगा: गोगोई
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब उनके गृह राज्य की भूमि पर देने का संकल्प जताया. लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गोगोई बिहार दौरे पर हैं और सोमवार को पटना हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे.
असम के जोरहट से लोकसभा सदस्य गोगोई ने कहा, ”असम के मुख्यमंत्री ने मेरे खिलाफ जो कहा है, मैं उन्हें असम की जमीन पर जवाब देना चाहूंगा.” वह उनके और उनके ब्रिटिश पत्नी के पाकिस्तान के साथ तार जुड़े होने के आरोपों पर सवाल का जवाब दे रहे थे.
गोगोई को आज आज असम कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया. उन्होंने इस पद के लिए उन पर भरोसा जताने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित अन्य का भी आभार व्यक्त किया. एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, ”हमारी पार्टी पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को कड़ा और ठोस जवाब देने के पक्ष में है. राहुल गांधी का यही रुख रहा है. मैं कल मुजफ्फरपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए इस मुद्दे पर और बात करूंगा.”