करीबी सहयोगी डोमिनिक राब के इस्तीफे से ब्रिटिश प्रधानमंत्री सुनक को लगा झटका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Apr 2023 08:16 PM
करीबी सहयोगी डोमिनिक राब के इस्तीफे से ब्रिटिश प्रधानमंत्री सुनक को लगा झटका
ऑडियो सुनें

लंदन. ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के करीबी सहयोगी और उप प्रधानमंत्री डोमिनिक राब ने इन आरोपों के बीच शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया कि वह ब्रिटिश सरकार के विभिन्न विभागों में काम करते हुए कर्मचारियों पर धौंस दिखाते थे. राब का यह कदम सुनक के लिए बड़ा झटका हो सकता है. विभिन्न लोक सेवकों ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में आरोप लगाये थे और इस मामले में स्वतंत्र रिपोर्ट सुनक को सौंप दी गयी. इसकी एक प्रति डाउंिनग स्ट्रीट द्वारा अब जारी की गयी है. सुनक ने 49 वर्षीय राब का इस्तीफा स्वीकार करते हुए अफसोस जताया.

प्रधानमंत्री ने धौंस जमाने की कोई बात सामने आने पर इस्तीफा देने के अपने वादे को निभाने के लिए राब की तारीफ की. उन्होंने ऐतिहासिक प्रक्रिया में कुछ खामियों की ओर भी इशारा किया जिससे भविष्य में ऐसे मामलों से बेहतर तरीके से निपटने की जरूरत सामने आई.

सुनक ने राब के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया में लिखा था, ‘‘बड़े दुख के साथ मैंने आपका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि आपने कहा था, आपने धौंस दिखाने की कोई बात रिपोर्ट में सामने आने पर इस्तीफा देने के वादे को पूरा किया. आपने अपनी बात रखी.’’ सुनक ने इस घटनाक्रम पर निराशा जाहिर करते हुए कंजर्वेटिव पार्टी की सरकार में राब की उपलब्धियों का उल्लेख किया और पिछले साल अपने प्रचार अभियान में राब के निजी समर्थन को भी रेखांकित किया.

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पिछले साल के कंजर्वेटिव पार्टी प्रचार अभियान के दौरान आपके सतत व्यक्तिगत समर्थन के लिए हमेशा आभारी रहूंगा. उसके बाद आपके समर्पण, प्रतिबद्धता और वफादारी जिसके साथ आपने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है, वह जनसेवा में आपके विश्वास को दर्शाते हैं.’’ राब (49) ने ट्विटर पर अपना इस्तीफा साझा किया और कहा कि उनके आचरण संबंधी रिपोर्ट में उनके खिलाफ दो दावों को कायम रखा गया है.

हालांकि, राब ने उन्हें त्रुटिपूर्ण बताया और कहा, ‘‘मैं जांच रिपोर्ट को स्वीकार करने के लिए प्रतिबद्ध हूं, लेकिन इसमें मेरे खिलाफ दो दावों को छोड़कर बाकी को खारिज कर दिया गया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरा यह भी मानना है कि दोनों प्रतिकूल निष्कर्ष भी त्रुटिपूर्ण हैं और अच्छी सरकार के आचरण के मामले में खतरनाक मिसाल पेश करते हैं.’’ राब ने कहा, ‘‘इस तरह के मामले मंत्रियों के खिलाफ गलत शिकायतों को प्रोत्साहन देंगे.’’ निवर्तमान मंत्री ने संकेत दिया कि स्वतंत्र जांचकर्ता एडम टॉली केसी द्वारा कराई गयी समीक्षा में सामने आया कि वह साढ़े चार साल में एक बार भी किसी पर चिल्लाये नहीं हैं. किसी को शारीरिक रूप से धमकाने की बात तो छोड़ दीजिए, जानबूझकर किसी को नीचा दिखाने की कोशिश भी नहीं की है.

सुनक को लिखे पत्र में राब ने कहा, ‘‘मुझे जांच के लिए बुलाया गया और डराने-धमकाने की कोई बात आने पर इस्तीफा देने को कहा गया. मेरा मानना है कि मेरा बात पर कायम रहना जरूरी है.’’ हालांकि राब ने आगाह किया कि रिपोर्ट मंत्रियों के खिलाफ झूठी शिकायतों को बढ़ावा देगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu