आभूषण की दुकान में सेंधमारी: छत्तीसगढ़ से दो व्यक्ति गिरफ्तार,18.5Kg आभूषण बरामद

नयी दिल्ली/रायपुर.  छत्तीसगढ़ पुलिस ने इस सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली में स्थित आभूषण की एक दुकान से 20 करोड़ रुपये के जेवर की चोरी के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लगभग 18.5 किलोग्राम सोने और हीरे के गहने बरामद किए हैं. यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को दी.

बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अपराध रोधी व साइबर इकाई और बिलासपुर जिले के सिविल लाइन पुलिस थाने के अधिकारियों के एक संयुक्त दल ने बिलासपुर शहर में चोरी की घटनाओं की जांच करते हुए एक अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बिलासपुर में चोरी की सात घटनाओं कथित तौर पर शामिल लोकेश श्रीवास और शिव चंद्रवंशी के तौर पर की गई है.

उन्होंने बताया कि श्रीवास के छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर में मौजूद होने की गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए दल ने बुधवार को वहां छापा मारा और चंद्रवंशी को 23 लाख रुपये के आभूषणों के साथ गिरफ्तार कर लिया. एसपी ने कहा कि उस समय श्रीवास वहां से भागने में सफल रहा.

सिंह ने कहा कि दल ने श्रीवास को दुर्ग जिले के स्मृतिनगर पुलिस थानाक्षेत्र स्थित एक मकान से पकड़ा और उसके पास से 18.5 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण और 12.5 लाख रुपये नकद बरामद किए. उन्होंने कहा कि जांच से पता चला है कि आभूषण दिल्ली की एक दुकान से चुराए गए थे. उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस का एक दल भी छत्तीसगढ़ पहुंचा है और मामले की आगे की जांच की जा रही है.

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्वी दिल्ली) राजेश देव ने कहा कि मामले को सुलझाने और बरामदगी करने के लिए कई दलों का गठन किया गया था. उन्होंने बताया कि सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए जिससे रविवार रात एक संदिग्ध पीठ पर टांगा जाने वाला बैग लेकर बगल की इमारत में प्रवेश करते हुए देखा गया.

डीसीपी ने कहा कि जांच के दौरान, बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़ पुलिस से प्राप्त जानकारी के आधार पर, श्रीवास की पहचान मामले में मुख्य संदिग्ध के तौर पर की गई है. डीसीपी ने कहा कि आरोपी की तस्वीर एकत्रित की गई, जिसका मिलान उस संदिग्ध से किया गया, जिसे रविवार को बगल की इमारत में प्रवेश करते और सोमवार शाम को बाहर निकलते देखा गया था.

उन्होंने कहा कि चूंकि श्रीवास छत्तीसगढ़ के कबीरधाम का निवासी है, इसलिए उसके वापस जाने के साधन की पहचान करने का प्रयास किया गया. उन्होंने बताया कि तकनीकी निगरानी के आधार पर पता चला कि आरोपी ने दिल्ली से सागर के लिए एक बस बुक की थी. उन्होंने बताया कि बस सोमवार रात नौ बजे आईएसबीटी, कश्मीरी गेट से रवाना हुई. डीसीपी ने कहा कि एक दल को तुरंत आईएसबीटी, कश्मीरी गेट भेजा गया और संदिग्ध का पता भिलाई, छत्तीसगढ़ में चला. उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 8.30 बजे पुलिस की एक टीम रायपुर पहुंची. डीसीपी ने कहा कि रायपुर और दुर्ग पुलिस के अधिकारी टीम में शामिल हुए.

देव ने कहा कि समानांतर घटनाक्रम में, बिलासपुर पुलिस थाने के अधिकारी बृहस्पतिवार सुबह कबीरधाम में श्रीवास के ठिकाने पर पहुंच गए थे, जहां से वह भागने में सफल रहा. उन्होंने बताया कि हालांकि, उसके सहयोगी शिव को गिरफ्तार कर लिया गया.
डीसीपी ने बताया कि शाम करीब 7 बजे शिव बिलासपुर पुलिस को भिलाई के स्मृति नगर स्थित श्रीवास के ठिकाने पर ले गया. उन्होंने बताया कि इस बीच, रात करीब 11 बजे दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. डीसीपी ने कहा कि शुक्रवार सुबह करीब 5.45 बजे श्रीवास दिखा तथा दिल्ली और बिलासपुर पुलिस ने उसका पीछा किया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

दिल्ली पुलिस ने बताया कि ठिकाने की तलाशी ली गई और चोरी के आभूषण बरामद कर लिए गए. पुलिस ने बताया कि बरामदगी एवं गिरफ्तारी बिलासपुर पुलिस द्वारा की गई है और आगे की जांच जारी है. दिल्ली में आभूषण शोरूम के मालिक महावीर प्रसाद जैन ने संवाददाताओं से कहा, ”हम पुलिस के आभारी हैं. हमने बरामद वस्तुओं की तस्वीरें देखी हैं और उनकी पहचान की है क्योंकि आभूषणों पर टैग लगे हैं. हम गिरफ्तार किए गए लोगों को नहीं जानते हैं.”

दिल्ली पुलिस के अनुसार, चोरी में कम से कम तीन लोग शामिल थे, जो राष्ट्रीय राजधानी में सबसे बड़ी चोरी में से एक है. दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में अपराधी दुकान में घुसे, स्ट्रॉन्ग रूम में छेद किया और 20 करोड़ रुपये से अधिक के आभूषणों के साथ-साथ 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए.

पुलिस ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली के भोगल स्थित उमराव सिंह ज्वैलर्स नामक दुकान में कई सीसीटीवी कैमरे थे, लेकिन रविवार आधी रात के आसपास वे क्षतिग्रस्त हो गए. मालिक ने दुकान रविवार रात करीब 8 बजे बंद की और मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे दुकान खोली तो उसे घटना की जानकारी हुई. सोमवार को दुकान बंद रहती है.

Related Articles

Back to top button