अदाणी का साथ देकर देश की छवि खराब कर रहे हैं प्रधानमंत्री: खरगे

संसद में अदाणी समेत कई मुद्दे उठाना जारी रखेंगे, पीछे नहीं हटेंगे : कांग्रेस

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार को दिन भर के लिए स्थगित होने के बाद सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि विपक्ष पर ‘हुड़दंग’ मचाने का आरोप लगाने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उद्योगपति गौतम अदाणी समूह का साथ देकर देश की छवि खराब कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अदाणी समूह से जुड़ी ‘वित्तीय अनियमितताओं’ का मामला गंभीर है और विपक्ष देश बचाने के लिए यह विषय उठाना चाहता है.

खरगे ने कहा, ”आज हमने संसद (राज्यसभा) में नियम 267 के तहत अदाणी का मुद्दा उठाया था. अदाणी समूह पर भ्रष्टाचार, रिश्वत और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप हैं, उसके बारे में हम इस मुद्दे को सदन के समक्ष रखना चाहते थे.” उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले पर चर्चा नहीं कराई और कार्यवाही स्थगित कर दी गई. राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी जहां-जहां जाते हैं, वहां-वहां अदाणी समूह को ठेके मिलते हैं.

उन्होंने कहा, ”इसलिए हम चाहते हैं कि इस मामले पर सदन में चर्चा हो. जिस चीज. से देश का नुकसान हो रहा है, जिसके चलते दुनिया का भरोसा हम से उठ सकता हो, उस वक्त ये चीजें सदन में लाना जरूरी है. देश को बचाने के लिए हमने ये मुद्दा उठाया था.” खरगे ने दावा किया, ”मोदी जी आज “हुड़दंग” मचाने की बात कह रहे थे…लेकिन मोदी जी खुद ही जब जून 2015 में बांग्लादेश गए थे, वहां पर अदाणी समूह को बिजली परियोजना का ठेका मिला. मलेशिया, इजराइल, सिंगापुर, श्रीलंका, नेपाल, तंजानिया, वियतनाम, यूनान, आदि में जहां-जहां मोदी जी गए, अदाणी समूह को ठेके मिले. केन्या ने तो जनता के दबाव में ठेका रद्द किया.” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री देश की छवि खराब कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ”हम ये चाहते हैं कि एक जेपीसी (संयुक्त संसदीय समिति) का गठन हो, जिसमें उनकी (सत्तापक्ष की) पार्टी के लोग तो ज़्यादा ही होंगे. गठित करो, सच्चाई बाहर आने दो.”

संसद में अदाणी समेत कई मुद्दे उठाना जारी रखेंगे, पीछे नहीं हटेंगे : कांग्रेस

कांग्रेस के संसदीय रणनीतिक समूह की सोमवार को बैठक हुई जिसमें फैसला किया गया कि पार्टी संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र के दौरान अदाणी समूह से जुड़े मामले और मणिपुर की हिंसा समेत कई विषयों को उठाना जारी रखेगी. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पार्टी रणनीतिक समूह की बैठक में मौजूदा सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की गई. इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे.

रमेश ने कहा, “आज संसदीय रणनीतिक समूह की बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की. इस बैठक में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे. हम किन मुद्दों पर लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा चाहते हैं, उस संबंध में बातचीत की. ” उन्होंने कहा, “हमारे कई आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दे हैं. इनमें मोदानी घोटाला, मणिपुर, चीन के साथ सीमा समझौता और सांप्रदायिक तनाव जैसे मुद्दे हैं. आज हमने लोकसभा और राज्यसभा में मुद्दा उठाया है. हम इन मुद्दों को उठाते रहेंगे, हम पीछे नहीं हटेंगे.” उनका कहना था कि अमेरिका में अदाणी से जुड़े जो खुलासे हुए हैं, उससे यह जरूरी हो गया है कि पूरे प्रकरण की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच हो.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button