कनाडा : पंजाब के आप नेता की पुत्री का शव बरामद, तीन दिन से थी लापता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Apr 2025 07:04 PM
कनाडा : पंजाब के आप नेता की पुत्री का शव बरामद, तीन दिन से थी लापता
ऑडियो सुनें

ओटावा/चंडीगढ़. कनाडा के ओटावा में तीन दिन पहले लापता हो गई आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के एक नेता की 21 वर्षीय पुत्री मृत पाई गई है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोमवार को मोहाली के आप नेता दविंदर सैनी की बेटी वंशिका सैनी की मौत की पुष्टि की.

वंशिका डेरा बस्सी में सीनियर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दो साल पहले कनाडा गई थी.
भारतीय उच्चायोग ने एक पोस्ट में कहा, “ओटावा में भारतीय छात्रा वंशिका की मौत की सूचना से हमें गहरा दु?ख हुआ है. संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं.” पंजाब में, वंशिका के परिवार ने उसका शव वापस लाने में मदद के लिए केंद्र से आग्रह किया.
उच्चायोग से जुड़े एक भारतीय-कनाडाई संघ द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट के अनुसार, वंशिका पिछले शुक्रवार को ओटावा में ‘7 मैजेस्टिक ड्राइव’ स्थित अपने आवास से किराये का कमरा देखने के लिए रात आठ से नौ बजे के बीच निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी.

पोस्ट के अनुसार, उस रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर उसका फोन बंद हो गया था और अगले दिन उसकी एक बहुत जरूरी परीक्षा थी, लेकिन वह उसमें नहीं पहुंची. पोस्ट में कहा गया है कि यह बात हैरान करने वाली थी, क्योंकि वह ऐसा कभी नहीं करती थी.
उसके पिता ने कहा कि वह हमेशा अपने स्कूल में अव्वल रही और जीवन में कुछ बड़ा करना चाहती थी. दविंदर ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उसके साथ क्या हुआ. उन्होंने कहा कि परिवार को बताया गया है कि मौत के कारण का पता पोस्टमॉर्टम के बाद ही चल सकेगा.

डेरा बस्सी से आप विधायक कुलजीत सिंह रंधावा से जुड़े दविंदर ने कहा, “यह परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है और हमारे लिए कठिन समय है.” आम आदमी पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष और डेरा बस्सी से आप विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के करीबी सहयोगी दविंदर ने कहा, “यह परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है और हमारे लिए कठिन समय है.” उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि मेरी बेटी का शव यहां वापस लाया जाए.” आप विधायक रंधावा ने भी वंशिका की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि शव को यहां लाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

रंधावा ने कहा कि शव को यहां वापस लाने में मदद के लिए आप सांसद राज कुमार चब्बेवाल और राज्यसभा सदस्य बलबीर सिंह सीचेवाल से संपर्क किया गया था. उन्होंने कहा कि सांसदों ने भारतीय दूतावास से संपर्क किया है. उच्चायोग ने कहा कि वह “हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए शोक संतप्त परिवार और स्थानीय सामुदायिक संगठनों के संपर्क में है”.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu