केदारनाथ मंदिर के निकट भैरवनाथ मंदिर में जूते पहनकर घूमते व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 18 Dec 2024 03:33 PM
केदारनाथ मंदिर के निकट भैरवनाथ मंदिर में जूते पहनकर घूमते व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

देहरादून: केदारनाथ मंदिर के निकट स्थित भैरवनाथ मंदिर क्षेत्र में एक व्यक्ति के जूते पहन कर घूमने और हाथ में डंडा लेकर मूर्तियों से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने उसके तथा दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

रुद्रप्रयाग पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में सोनप्रयाग कोतवाली में सज्जन कुमार, उसे काम पर रखने वाले ठेकेदार तथा संबंधित कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सोमवार को वायरल हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति भैरवनाथ मंदिर परिसर में जूते पहनकर घूम रहा है तथा हाथ में पकड़े डंडे से मंदिर की मूर्तियों से छेड़छाड़ कर रहा है। उस व्यक्ति की यह गतिविधि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गयी।

केदारनाथ के तीर्थपुरोहितों ओर से भी मामले को लेकर नाराजग़ी व्यक्त की गयी जिसके बाद हरकत में आयी पुलिस ने तत्काल वीडियो की जांच शुरू की। जिला पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह वीडियो थोड़ा पुराना पाया गया। पता चला है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति केदारनाथ पुर्ननिर्माण कार्यों में लगी एक कंपनी का मजदूर है।

यह पता चलने के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 व 331 (धार्मिक भावनायें आहत करने, जबरन घुसना) के तहत सज्जन कुमार, संबंधित ठेकेदार और कंपनी के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुालिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital