केंद्र बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे,’जिहादियों’ को भारत में घुसने से रोके: विहिप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 Aug 2024 09:20 PM
केंद्र बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे,’जिहादियों’ को भारत में घुसने से रोके: विहिप
ऑडियो सुनें

भोपाल/प्रयागराज. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बृहस्पतिवार को केंद्र से हिंसा प्रभावित बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शरणार्थियों की आड़ में ‘जिहादियों’ को वहां से भारत में घुसने से रोकने की अपील की. बृहस्पतिवार को मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद से बांग्लादेश में हिंसक घटनाओं में कम से कम 232 लोग मारे गए हैं, जिससे जुलाई के मध्य में आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों के शुरू होने के बाद से हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ.कर 560 हो गई है.
हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और अपने शासन के खिलाफ छात्रों के जबर्दस्त प्रदर्शनों के बाद देश छोड़कर भाग गईं. वह सोमवार को बांग्लादेश के सैन्य विमान से दिल्ली के पास हिंडन एयरबेस पहुंचीं.

विहिप (मध्य भारत प्रांत) के मंत्री (सचिव) राजेश जैन ने यहां संवाददाताओं से कहा, “हम केंद्र से अनुरोध करते हैं कि बांग्लादेश में हिंदुओं की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं, क्योंकि उन्हें सताया जा रहा है और उनके घरों और पूजा स्थलों को तोड़ा जा रहा है. हम केंद्र से मांग करते हैं कि वह पड़ोसी देश में आसान निशाना बने हिंदुओं की रक्षा करे.” उन्होंने कहा, “केंद्र को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि उस देश से शरणार्थियों की आड़ में जिहादी नापाक इरादे से हमारी सीमा में घुसपैठ न कर सकें.” उन्होंने कहा कि विहिप और बजरंग दल का प्रत्येक कार्यकर्ता बांग्लादेश से लगी सीमाओं की रक्षा के लिए सेना और सीमा सुरक्षा बल के साथ खड़ा होने के लिए तैयार है.

जैन ने कहा, “अगर केंद्र हमसे कहता है, तो हम संकटग्रस्त बांग्लादेश से लगी सीमाओं पर सुरक्षा बलों को सहायता देने के लिए तैयार हैं.” उन्होंने दावा किया, “विभाजन के समय बांग्लादेश में हिंदुओं की संख्या 32 प्रतिशत थी, जो जिहादियों के उत्पीड़न और दंगों के कारण घटकर मात्र आठ प्रतिशत रह गई है.” उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश के लगभग सभी जिलों से संघर्ष और हिंसा की सूचना मिल रही है.

विहिप नेता ने दावा किया, “कट्टरपंथी श्मशान घाटों को निशाना बना रहे हैं तथा मंदिरों और घरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं.” नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस को मंगलवार को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा संसद भंग करने के बाद बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया. यूनुस ने बृहस्पतिवार को एक ऐसी सरकार देने का वादा किया जो अपने नागरिकों को सुरक्षा करे. विहिप के मध्य भारत प्रांत में मध्यप्रदेश के भोपाल और ग्वालियर संभाग शामिल हैं. इसके मध्य क्षेत्र में मध्यप्रदेश के भोपाल, मालवा और महाकौशल प्रांत (क्षेत्र) और छत्तीसगढ. राज्य शामिल हैं.

हिंदुओं के खिलाफ हिंसा पर धर्मनिरपेक्षता के पैरोकार चुप हैं: विहिप

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांदे ने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की घटनाओं पर धर्मनिरपेक्षता के पैरोकारी करने वाले लोगों विशेषकर विपक्ष पर चुप्पी साध लेने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इससे ऐसा लगता है कि हिंदुओं के पास मानवाधिकार नहीं हैं.

परांदे ने यहां विहिप कार्यालय में पत्रकारों से कहा, “आज धर्मनिरपेक्षता की बात करने वाले देश-विदेश के अनेक लोग बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा पर बोलने को तैयार नहीं हैं.” उन्होंने कहा, “इन सभी ने चुप्पी साधी हुई है. इससे ऐसा लगता है कि हिंदुओं के मानवाधिकार हैं ही नहीं. हिंदुओं को छोड़कर सभी के लिए मानवाधिकार है. यहां के अनेक राजनीतिक दलों ने भी इस मामले में चुप्पी साध रखी है.” परांदे ने कहा, “साम्यवाद का चिंतन करने वाले अनेक लोगों ने ‘एक्स’ आदि सोशल मीडिया मंच पर भारत को लेकर चिंताजनक टिप्पणियां की हैं और उनका कहना है कि ऐसी परिस्थितियां भारत में भी आनी चाहिए.”

उन्होंने कहा, “इस तरह की टिप्पणियां भारत में भी हिंसा भड़काने के प्रयास हैं और सरकार को ऐसी टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ बहुत सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता है. बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाए जाने के बाद कई हिंदू भारत में शरण लेने की सोच रहे हैं. भारत सरकार को ऐसे शरणार्थियों की चिंता करनी चाहिए.”

उन्होंने कहा, “हिंदू यदि भारत की ओर नहीं देखेगा तो कहां देखेगा. ऐसे हिंदू शरणार्थियों के बारे में सरकार ही नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज को सोचने की आवश्यकता है. बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ अत्याचार से विश्व हिंदू परिषद बहुत दुखी है. भारत आने वाले हिंदुओं की सेवा में विश्व हिंदू परिषद पूरी तरह से लगेगी.” परांदे ने कहा, “बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद पूरा आंदोलन हिंदुओं के खिलाफ हिंसा में तब्दील हो गया है जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. बांग्लादेश के अनेक जिलों में हिंदुओं की हत्या की जा रही है, उनके प्रतिष्ठानों को लूटा जा रहा है और उनके दर्जनों घरों को जलाया गया है. वहां इस्लामिक कट्टरतावाद का जो प्रदर्शन हो रहा है, वह चिंताजनक है.” भाषा राजेंद्र

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu