रसोइये ने खराब व्यवहार के लिए मालकिन को करंट लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Sep 2023 08:52 PM
रसोइये ने खराब व्यवहार के लिए मालकिन को करंट लगाया
ऑडियो सुनें

मुंबई. अपनी मालकिन को करंट लगाने वाले रसोइये (25) के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि महिला के घर में रसोइये के तौर पर काम करने वाला युवक उसके “खराब व्यवहार” से नाराज था. अंबोली थाने के एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी राजकुमार सिंह दो दिन पहले हुई कथित घटना के बाद से फरार है. घटना अंधेरी उपनगर में एक इमारत में हुई.

स्कूली शिक्षिका बेथशेबा मॉरिस शेठ के अनुसार रविवार दोपहर जब उसकी झपकी टूटी तो उसने पाया कि सिंह बिजली के दो तार लेकर उसके पास खड़ा है. महिला ने शिकायत में कहा कि सिंह ने तारों के सिरे उसके सिर के दोनों ओर लगाकर करंट लगाया, साथ ही मुक्के भी मारे.

महिला ने पुलिस को बताया कि बराबर वाले कमरे में सो रहा उसका 11 साल का बेटा चीखें सुनकर उसके पास आया, लेकिन उसने (महिला ने) उसे (बेटे को) वापस भेज दिया क्योंकि उसे डर था कि सिंह उसके बेटे को भी चोट पहुंचा सकता है. शिकायतकर्ता ने कहा कि सिंह ने बाद में माफी मांगी और कहा कि अपने प्रति खराब व्यवहार के कारण वह उससे नाराज था. महिला ने कहा कि इसके बाद वह फ्लैट से चला गया. अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 308 (गैर-इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu