छत्तीसगढ़ : सोने एवं हीरे के खनिज ब्लाकों के आबंटन के लिए खनिज विभाग का ई-टेंडर जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Jul 2023 07:52 PM
छत्तीसगढ़ : सोने एवं हीरे के खनिज ब्लाकों के आबंटन के लिए खनिज विभाग का ई-टेंडर जारी
ऑडियो सुनें

रायपुर. खनिज विभाग द्वारा राज्य में 3 प्रीशियस मिनरल ब्लाक्स की नीलामी के माध्यम से आबंटन के लिए ई-टेंडर जारी कर दिया गया है. जीएसआई( जियोलाजिकल सर्वे आफ इंडिया) द्वारा किये गये प्रारंभिक सर्वे में इन ब्लाक में गोल्ड और डायमंड की संभावना बताई गई है. इसके लिए ई-नीलामी से आबंटन हेतु 6 जुलाई 2023 को एमएसटीसी पोर्टल में एनआईटी जारी किया गया है.

भौमिकी एवं खनिकर्म के संयुक्त संचालक श्री अनुराग दीवान ने बताया कि विश्व में प्रीशियस मिनरल्स की माँग तेजी से बढ़ी है. इस तथ्य को दृष्टिगत रखते हुए इन खनिजों के विकास के परिप्रेक्ष्य में इसकी आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने हेतु विभाग द्वारा प्राथमिकतापूर्ण कार्यवाही की जा रही है. राज्य द्वारा 3 प्रीशियस मिनरल ब्लॉक्स को नीलामी के माध्यम से आबंटन हेतु रखा है. इनमें जिला महासमुन्द अंतर्गत बसना-2 डायमण्ड ब्लॉक, रकबा 2500 हेक्टेयर, जिला महासमुन्द अंतर्गत चनत-जोगीदादर गोल्ड एंड एसोसियेटेड मिनरल्स ब्लॉक, रकबा 176 हेक्टेयर तथा जिला कांकेर अंतर्गत तुमरीसुर-गरदा 2 गोल्ड ब्लॉक, रकबा 240 हेक्टेयर को आबंटन हेतु रखा गया है.

सफल बोलीदार द्वारा क्षेत्र में प्रथमतः विस्तृत पूर्वेक्षण का कार्य किया जाएगा. इसके उपरांत खनिज भण्डार प्रमाणित होने पर खनिपट्टा प्राप्त किया जाकर खनन संक्रिया प्रारंभ की जावेगी. श्री दीवान ने बताया कि टेण्डर डाक्यूमेंट क्रय किये जाने की अंतिम तिथि शुक्रवार, दिनांक 18 अगस्त 2023 है तथा बिड जमा करने की अंतिम तिथि दिनांक 21 अगस्त 2023, सोमवार दोपहर 3 बजे तक है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu