छत्तीसगढ़: विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सदन में हंगामा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 Mar 2023 07:04 PM
छत्तीसगढ़: विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सदन में हंगामा
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा में बृहस्पतिवार को राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के क्रियान्वयन में ढिलाई के खिलाफ बुधवार को किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर बर्बर कार्रवाई करने का आरोप लगाया.

राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में ढिलाई को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बुधवार विरोध प्रदर्शन किया था. इस दौरान जब विधानसभा भवन का घेराव करने की कोशिश की गई तब पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया और हल्का लाठीचार्ज किया था.

शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए भाजपा सदस्यों ने दावा किया कि पुलिस ने उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हुए आंसू गैस के गोले दागे और यहां तक कि महिला प्रदर्शनकारियों के साथ भी बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया. उन्होंने सदन का काम रोककर इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की.

विधानसभा में विपक्ष के नेता नारायण चंदेल ने कहा कि राज्य सरकार ने दमनकारी नीति अपनाई है जो लोकतंत्र में अनुचित है.
भाजपा सदस्यों के आरोपों के बाद कांग्रेस सदस्यों ने इसका विरोध किया जिसके बाद सदन में हंगामा हो गया. जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर चर्चा की मांग को खारिज किया भाजपा सदस्यों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित की गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu