‘कोरियोग्राफर’ जानी मास्टर यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Sep 2024 08:54 PM
‘कोरियोग्राफर’ जानी मास्टर यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. प्रसिद्ध ‘कोरियोग्राफर’ जानी मास्टर को पुलिस ने उनके साथ काम करने वाली एक महिला द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. जानी मास्टर का असली नाम शेख जानी है.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जानी मास्टर को गोवा में साइबराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया, जहां उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा. अदालत से ‘ट्रांजिट वारंट’ प्राप्त करने के बाद उन्हें हैदराबाद लाया जाएगा.
महिला द्वारा आउटडोर शूटिंग के दौरान जानी मास्टर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद साइबराबाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया हैं.

रायदुर्गम पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर एक ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की और रविवार रात को इसे पीड़िता के थाना क्षेत्र नरसिंगी पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है.

इस बीच, ‘तेलुगु फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स’ द्वारा गठित एक समिति ने भी जानी मास्टर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच शुरू कर दी है. समिति के सदस्य तम्मारेड्डी भारद्वाज ने कहा कि समिति को पीड़िता से शिकायत प्राप्त होने की तिथि से 90 दिनों के भीतर इस मुद्दे पर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी.

फिल्म चैंबर द्वारा गठित यौन उत्पीड़न निवारण समिति के प्रमुख दामोदर प्रसाद ने कहा कि ‘तेलुगु फिल्म एंड टीवी डांसर्स एंड डांस डायरेक्टर्स एसोसिएशन’ को एक पत्र भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि जानी मास्टर को तब तक अध्यक्ष पद का कार्यभार नहीं संभालने दिया जाए, जब तक कि वह सभी आरोपों से मुक्त नहीं हो जाते. तेलंगाना राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नेरेल्ला शारदा ने बुधवार को कहा कि मामले में शिकायतकर्ता ने आयोग से संपर्क किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस सुरक्षा प्रदान करने के आदेश जारी किए जाएंगे. शारदा ने कहा कि आयोग, समिति की ओर से उन्हें आवश्यक सहायता भी प्रदान करेगा.

इस मुद्दे ने राजनीतिक रंग भी ले लिया और तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने एक बयान जारी कर कहा कि पार्टी इसे ”लव जिहाद” का मामला मानती है. पवन कल्याण के नेतृत्व वाली जन सेना पार्टी ने जानी मास्टर को उनके खिलाफ दर्ज मामले के मद्देनजर अपने कार्यक्रमों से दूर रहने को कहा है. जानी मास्टर ने हाल ही में हुए चुनावों में पार्टी के लिए प्रचार किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu